April 18, 2026

Hind foucs news

hindi new update

केदारनाथ के लिए हेलीकॉप्टर सेवा पर अगले आदेश तक रोक, हादसे में बच्चे समेत 7 लोगों ने गंवाई है जान

देहरादून। केदारनाथ के पास रविवार को हुए हेलीकॉप्टर हादसे में पायलट समेत 7 लोगों की मौत की खबर है। मृतकों में एक बच्चा भी है। केदारनाथ से गुप्तकाशी के लिए जाते वक्त आर्यन एविएशन का हेलीकॉप्टर गौरीकुंड के जंगलों में गिर गया। हेलीकॉप्टर हादसे की वजह का अभी पता नहीं चला है। इस हादसे के बाद अगले आदेश तक केदारनाथ के लिए हेलीकॉप्टर सेवा पर रोक लगाई गई है। सुबह 5.15 बजे केदारनाथ से 6 श्रद्धालुओं को लेकर हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी थी। बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर के उड़ान पथ पर मौसम भी खराब था। फिलहाल बचाव दल को मौके पर भेजा गया है।

केदारनाथ से गुप्तकाशी जा रहे हेलीकॉप्टर पर पायलट राजवीर के अलावा विक्रम रावत, तृष्टि सिंह, राजकुमार, विनोद, श्रद्धा और 10 साल की राशि थे। माना जा रहा है कि खराब मौसम की वजह से हेलीकॉप्टर के पायलट को दिक्कत हुई। पायलट ने हेलीकॉप्टर संभालने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। इससे हेलीकॉप्टर नीचे आ गया और तेजी से जंगल में गिर गया। हालांकि, जांच के बाद ही केदारनाथ के पास हुए हेलीकॉप्टर हादसे के बारे में और जानकारी मिल सकेगी। जानकारी के मुताबिक केदारनाथ के आसपास तेज हवाएं चल रही हैं। साथ ही यहां धुंध भी छाई हुई है। ऐसे में सवाल ये है कि जब मौसम खराब था, तो हेलीकॉप्टर की उड़ान को आखिर मंजूरी क्यों दी गई? बता दें कि पहले भी इस रूट पर हेलीकॉप्टर हादसे हो चुके हैं। इस साल चार धाम यात्रा में ये पांचवां हेलीकॉप्टर हादसा है।

बीते दिनों ही केदारनाथ जा रहे एक हेलीकॉप्टर की सड़क पर लैंडिंग हुई थी। केदारनाथ हेलीपैड पर उतरते वक्त भी एक हेलीकॉप्टर का संतुलन बिगड़ गया था। उस हादसे में पायलट और यात्री बाल-बाल बचे थे। दोनों ही घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। केदारनाथ और अन्य धामों के लिए पहले हेलीकॉप्टर सेवा नहीं थी, लेकिन श्रद्धालुओं की सुविधा के मद्देनजर इस सेवा को शुरू किया गया। हालांकि, हेलीकॉप्टर सेवा अब श्रद्धालुओं के लिए खतरे का सबब बनती दिख रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *