संसद भवन की सुरक्षा में फिर चूक, दीवार फांदकर गरुड़ द्वार तक जा पहुंचा शख्स, सुरक्षाबलों ने पकड़ा
नई दिल्ली। देश की संसद की सुरक्षा को धता बताते हुए एक शख्स आज सुबह दीवार फांदकर परिसर के अंदर घुस गया। इतना ही वो संसद भवन के गरुड़ द्वार तक पहुंच गया हालांकि सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। हाई सिक्योरिटी वाली संसद की सुरक्षा में यह एक बड़ी चूक मानी जा रही है। फिलहाल सुरक्षाकर्मी उससे पूछताछ कर रहे हैं। हालांकि अभी तक संसद में घुसने वाले आरोपी की पहचान उजागर नहीं की गई है। ऐसा बताया जा रहा है कि रेल भवन की तरफ से संसद परिसर के बाहर लगे पेड़ पर चढ़कर वो व्यक्ति सदन की दीवार के ऊपर पर पहुंचा और उसके बाद वहां से कूद कर परिसर में घुस गया।
संसद भवन के सुरक्षाकर्मी उस शख्स से यह उगलवा रहे हैं कि आखिर उसने किस उद्देश्य से संसद परिसर में घुसपैठ की। पूछताछ के बाद उसे दिल्ली पुलिस को सौंपा जाएगा उसके बाद आगे की कार्यवाही होगी। इससे पहले 13 दिसंबर 2023 को भी संसद की कार्यवाही के दौरान कुछ लोग संसद भवन में घुस गए थे। इस मामले में कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले उन लोगों का मास्टरमाइंड ललित झा था। उसने सभी का ध्यान अपनी तरफ आकर्षित करने की योजना बनाई थी और इसीलिए अपने सभी साथियों के साथ मिलकर संसद के अंदर और बाहर हंगामा किया था।
इस मामले में लोकसभा सचिवालय के 8 सुरक्षाकर्मियों को निलंबित कर दिया गया था। वहीं सांसदों के निजी सहायकों की संसद में एंट्री पर रोक लग गई थी। आपको याद दिला दें कि 13 दिसंबर 2001 को जैश-ए-मोहम्मद के 5 आतंकियों ने संसद परिसर में घुसकर हमला कर दिया था। इस हमले में दिल्ली पुलिस के पांच कर्मचारी, संसद के दो सिक्योरिटी गार्ड, एक सीआरपीएफ जवान और एक माली की मौत हो गई थी।
