April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने बताया, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान स्ट्राइक के लिए क्यों चुना गया था रात का समय

नई दिल्ली। भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान ने रांची में एक कार्यक्रम के दौरान ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि हमारी सेना ने पाकिस्तान में आतंकियों के ठिकानों को रात के समय निशाना बनाया था, उसके पीछे एक बड़ी वजह थी। सीडीएस ने कहा, 7 मई की रात लगभग 1:00 से 1:30 बजे के बीच आतंकवादी ठिकानों पर पहला एयर स्ट्राइक किया गया था। अगर यह स्ट्राइक रात की जगह सुबह 5:30 से 6:00 बजे के बीच की जाती तो बहावलपुर और मुरिदके में बहुत सारे आम नागरिकों को भी नुकसान पहुंच सकता था।

सीडीएस ने कहा, सुबह का यह समय पहली अजान या नमाज का समय होता है। ऐसे में बहुत से आम नागरिक भी घरों से बाहर होते। यही कारण है कि हमने स्ट्राइक के लिए रात का समय चुना। सीडीएस चौहान ने आगे कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने यह दिखाया कि आपके पास बेहतर टेक्नोलॉजी और इंटेलिजेंस हो तो रात में भी लंबी दूरी के टारगेट्स को निशाना बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया को भारत के स्वदेशी हथियारों का लोहा मनवाया।

इसी के साथ उन्होंने नेपोटिज्म पर भी बात की। सीडीएस बोले, सेना ही एक ऐसी जगह है जहां भाई-भतीजावाद नहीं चलता है। फौज सिर्फ शक्ति नहीं है बल्कि ईमानदारी, जिम्मेदारी, और देशभक्ति की मिसाल है। यहां व्यक्ति की पहचान उसकी योग्यता और काम से होती है इस बात से नहीं कि उसका किससे क्या कनेक्शन या संबंध है। आपको बता दें कि भारतीय ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले का बदला लेने के लिए ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में घुसकर आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया था। इसमें 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए थे। जैश प्रमुख हाफिज सईद के परिवार के 14 लोग भी इस दौरान मारे गए थे। इस बात की पुष्टि दो दिन पहले ही जैश के कमांडर इलियास कश्मीरी ने की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *