हुमायूं कबीर तृणमूल कांग्रेस से निलंबित, मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद बनवाने का किया है ऐलान
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में बाबरी मस्जिद का निर्माण कराने का ऐलान करने वाले विधायक हुमायूं कबीर को तृणमूल कांग्रेस पार्टी से निलंबित कर दिया गया है। कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम ने कहा कि है कि अचानक बाबरी मस्जिद क्यों? पार्टी की ओर से हुमायूं कबीर को पहले ही चेतावनी दे दी गई थी और अब उनको 6 साल के लिए पार्टी से सस्पेंड किया जा रहा है। हुमायूं कबीर कल यानी 6 दिसंबर को बाबरी मस्जिद की आधारशिला रखने पर अड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो मैं 22 दिसंबर को नई पार्टी का ऐलान करूंगा।
ममता बनर्जी की आज मुर्शिदाबाद जिले में रैली है और उससे ठीक पहले हुमायूं कबीर पर एक्शन लिया गया है। हुमायूं कबीर मुर्शिदाबाद के भरतपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। बता दें कि हुमायूं कबीर के द्वारा बाबरी मस्जिद के निर्माण का ऐलान कराए जाने के बाद बीजेपी लगातार इस मुद्दे पर तृणमूल कांग्रेस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को घेर रही है। मामले को तूल पकड़ता देख तृणमूल कांग्रेस ने हुमायूं कबीर के बयान से पहले ही किनारा कर लिया था। हुमायूं कबीर अगर अपनी अलग पार्टी बनाते हैं तो अगले साल होने वाले प्रदेश विधानसभा चुनाव में यह भी टीएमसी के लिए एक चुनौती खड़ी हो सकती है।
बीजेपी ने इस मामले में बंगाल सीएम को निशाने पर लेते हुए कहा था कि ममता बनर्जी अपने विधायक से बाबरी मस्जिद की नींव 6 दिसंबर को डलवाकर तनाव पैदा करना चाहती हैं। ममता जी जानबूझकर 6 दिसंबर को ऐसा कर रही हैं। बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ने यह भी कहा था कि हिंदुस्तान में बाबर के नाम पर कुछ भी नहीं होना चाहिए। बाबर एक हमलावर था, वो आया उसने राम मंदिर को तोड़ा, अब राम मंदिर का निर्माण हो गया है, कोई भी हिंदुस्तानी बाबर के नाम पर कुछ नहीं चाहता।
