बंगाली सिंगर लग्नजीता चक्रवर्ती ने शो में मारपीट की कोशिश का लगाया आरोप, कहा- महबूब मलिक ने ‘जागो मां’ की जगह सेकुलर गीत गाने का डाला दबाव
मिदनापुर। पश्चिम बंगाल की सिंगर लग्नजीता चक्रवर्ती ने पूर्वी मिदनापुर के भगवानपुर में कार्यक्रम के दौरान ‘जागो मां’ गीत गाने पर अभद्रता और मारपीट की कोशिश का आरोप लगाया है। लग्नजीता का शो भगवानपुर के साउथ प्वॉइंट पब्लिक स्कूल में था। सिंगर ने थाने में खुद से हुई बदसलूकी की शिकायत की है। पुलिस ने इस मामले में महबूब मलिक नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है। वहीं, बीजेपी ने लग्नजीता से हुई घटना का उल्लेख कर पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ टीएमसी पर निशाना साधा है। बीजेपी ने आरोप लगाया है कि पश्चिम बंगाल जिहादियों के हाथ है। बीजेपी का कहना है कि महबूब मलिक टीएमसी का है।
सिंगर लग्नजीता चक्रवर्ती ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वो बांग्ला की मशहूर फिल्म देवी चौधुरानी के लोकप्रिय गीत जागो मां को गा रही थीं। उसी वक्त स्कूल की गवर्निंग बॉडी के मेंबर महबूब मलिक ने मंच पर आकर दुर्व्यवहार और हमला करने की कोशिश की। लग्नजीता का आरोप है कि महबूब मलिक ने कहा कि बहुत हो गया जागो मां…अब कुछ सेक्युलर गाओ। सिंगर लग्नजीता चक्रवर्ती ने शिकायत में कहा है कि महबूब मलिक मुझे पीटना चाहते थे। उन्होंने खुले मंच पर हमला करने की कोशिश की। सिंगर ने कहा है कि उनका कार्यक्रम शनिवार शाम 7 बजे से 8.30 बजे तक था। कार्यक्रम शुरू होने पर सबकुछ ठीक था। अचानक ये स्थिति बन गई।
भगवानपुर थाने की पुलिस ने मीडिया को बताया कि लग्नजीता के आरोपों की जांच शुरू हो गई है। वहीं, बीजेपी ने आरोप लगाया है कि लग्नजीता की शिकायत पहले थाने पर ली ही नहीं जा रही थी। बीजेपी नेता शाकुदेब पांडा ने आरोप लगाया है कि महबूब मलिक ने सिंगर लग्नजीता चक्रवर्ती पर हमला भी किया। बता दें कि बीजेपी लगातार आरोप लगाती है कि टीएमसी की सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में कट्टरपंथी ताकतों को शह दे रखी है। बीजेपी के इन आरोपों को ममता बनर्जी और टीएमसी के नेता गलत बताते हैं, लेकिन सिंगर लग्नजीता चक्रवर्ती के ताजा आरोप से बीजेपी को एक बार फिर टीएमसी पर निशाना साधने का मौका मिल गया है।
Tags:
