April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

रणवीर इलाहाबादिया और अन्य की कम नहीं हो रही मुश्किल, एफआईआर के बाद असम पुलिस पहुंची मुंबई

नई दिल्ली। रणवीर इलाहाबादिया विवादित टिप्पणी मामले में उनकी और इंडियाज गॉट लेटेंट शो के अन्य जजों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। गुवाहाटी क्राइम ब्रांच द्वारा रणवीर इलाहाबादिया, कॉमेडियन समय रैना, सोशल इन्फ्लुएंसर अपूर्वा मखीजा, आशीष चंचलानी, जसप्रीत सिंह और इंडियाज गॉट लेटेंट शो के आयोजकों के खिलाफ अश्लीलता को बढ़ावा देने तथा अश्लील चर्चा में शामिल होने के आरोप में एफआईआर दर्ज करने के बाद असम पुलिस की एक टीम जांच के लिए मुंबई गई है। असम पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है। इससे पहले महिला आयोग की तरफ से भी इस संबंध में नोटिस जारी किया गया है।

आपको बता दें कि इंडियाज गॉट लेटेंट शो में प्रतिभागियों और जजों के बीच बहुत ही अभद्र और गाली गलौच वाली भाषा में बातचीत होती है। यूट्यूब पर प्रसारित होने वाले इसी शो के एक एपिसोड में रणवीर इलाहाबादिया ने एक कंटेस्टेंट से पैरेंट्स के सेक्स रिलेशन को लेकर कुछ ऐसा कह दिया कि जिस पर बवाल मच गया। मुंबई से लेकर असम तक रणवीर इलाहाबादिया और शो के अन्य जज लोगों के निशाने पर आ गए। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी इस मामले की जांच कराने की बात कही। वहीं महाराष्ट्र के ही एक सांसद ने संसद में भी इस मुद्दे को उठाया।

लोगों ने रणवीर इलाहाबादिया, समय रैना और अन्य के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इंडियाज गॉट लेटेंट शो को बंद किए जाने की मांग उठ रही है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने भी यूट्यॅूब को नोटिस भेजा था जिसके बाद यूट्यूब ने रणवीर इलाहाबादिया के उस वीडियो को डिलीट कर दिया है। इससे पहले कल मुंबई पुलिस भी रणवीर इलाहाबादिया के घर पहुंची थी। रणवीर इलाहाबादिया हालांकि इस पूरे मामले पर अपनी गलती मानते हुए माफी मांग चुके हैं मगर उनके खिलाफ लोगों का गुस्सा कम नहीं हो रहा है।