April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

‘शनिवार तक हमास सभी बंधकों को रिहा करे वरना उसे खत्म करेंगे’, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दी चेतावनी

वॉशिंगटन। हमास की तरफ से इजरायल के सभी बंधकों को रिहा नहीं किया गया है। आतंकी संगठन हमास ने ये भी कहा है कि वो बंधकों की रिहाई रोक सकता है। हमास के इस बयान से अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नाराज हो गए हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने साफ कहा है कि हमास अगले शनिवार 15 फरवरी तक सभी 73 बंधकों को रिहा कर दे। ट्रंप ने व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में कहा कि अगर हमास ने ऐसा न किया, तो वो युद्धविराम रोकने के समझौते को खत्म करा देंगे। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ये भी चेतावनी दी कि अगर ऐसा हुआ, तो वो हमास के खात्मे का भी प्रस्ताव करेंगे।

डोनाल्ड ट्रंप ने जॉर्डन और मिस्र को भी चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा कि अगर जॉर्डन और मिस्र फिलिस्तीनी शरणार्थियों को लेने से मना करेंगे, तो वो इन देशों की मदद रोक सकते हैं। पहले ही डोनाल्ड ट्रंप कह चुके हैं कि फिलिस्तीन के लोगों को अमेरिका की प्रस्तावित गाजा अधिग्रहण योजना के तहत वहां लौटने का अधिकार नहीं होगा। ट्रंप के इस बयान पर हमास ने कहा था कि अगर ऐसा होता है, तो मध्य-पूर्व में हालात गंभीर हो सकते हैं और वहां तनाव बढ़ सकता है। हमास के बारे में ट्रंप ने गंभीर रवैया इसलिए अपनाया, क्योंकि हमास ने इजरायल पर ये आरोप लगाया कि उसने युद्धविराम समझौते का उल्लंघन किया है। इसी वजह से बंधकों को रिहा न करने का इरादा हमास ने जताया।

हमास ने ये भी कहा है कि इजरायल से संघर्ष फिर से शुरू हो सकता है। आतंकी संगठन ने 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हमला बोला था। हमास के हमले में 4000 से ज्यादा लोग मारे गए थे। जबकि, 250 के करीब बंधक हमास ने बनाए थे। इसके बाद इजरायल ने हमास के खिलाफ गाजा में सैन्य कार्रवाई शुरू की थी। इजरायल की कार्रवाई में 46000 लोगों की जान गई और गाजा में बड़ा इलाका धूल में मिल गया। बीते दिनों ही हमास और इजरायल के बीच युद्धविराम समझौता हुआ था। जिसके बाद हमास ने कई बंधक रिहा किए। अब हमास कह रहा है कि वो बंधकों को रिहा नहीं करेगा। जिससे इजरायल और हमास के बीच तनाव फिर से बढ़ता दिख रहा है।