बांग्लादेश का दावा निकला गलत, भारत नहीं दुबई में है उस्मान हादी हत्याकांड का मुख्य आरोपी फैसल करीम मसूद; जारी किया Video
नई दिल्ली। बांग्लादेश का भारत संबंधी एक और दावा गलत निकला है। बांग्लादेश ने छात्र नेता उस्मान हादी की हत्या के मुख्य आरोपी फैसल करीम मसूद के भारत में छिपे होने का दावा किया था। अब उसी फैसल करीम मसूद ने दुबई से वीडियो जारी कर उस्मान हादी की हत्या में अपना हाथ होने से साफ इनकार किया है। फैसल करीम मसूद का दावा है कि उस्मान हादी बांग्लादेश की जमात-ए-इस्लामी से जुड़ा था और जमात ने ही उसकी हत्या कराई। फैसल का दावा है कि उस्मान हादी की हत्या में उसे फंसाया जा रहा है। न वो बाइक पर गया था और न ही उसका भाई बाइक चला रहा था।
फैसल करीम मसूद का दावा है कि उस्मान हादी से उसके रिश्ते पूरी तरह व्यापारिक थे। फैसल ने ये दावा भी किया है कि उसने राजनीतिक कारणों से कई बार रकम भी दी। फैसल करीम मसूद के वीडियो के बाद अब बांग्लादेश की अंतरिम सरकार सवालों में घिर गई है? उस्मान हादी की हत्या में भारत का हाथ बताकर बांग्लादेश में चरमपंथियों को भारत विरोधी माहौल बनाने दिया गया। साथ ही उस्मान हादी की हत्या के बाद बांग्लादेश में भड़की हिंसा में कई हिंदुओं की भी हत्या की गई। बीते दिनों बांग्लादेश पुलिस ने दावा किया था कि फैसल करीम मसूद मेघालय से लगी सीमा से भारत भाग गया। बीएसएफ ने जांच के बाद बांग्लादेश पुलिस के इस दावे को गलत बताया था।
फैसल करीम मसूद के वीडियो से वो आरोप भी खारिज होते हैं, जिनके तहत उस्मान हादी की हत्या में शेख हसीना की अवामी लीग पार्टी का हाथ होना बताया जा रहा था। अभी ये जानकारी नहीं मिली है कि फैसल करीम मसूद कब बांग्लादेश से भागकर दुबई गया। बांग्लादेश में मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस अंतरिम सरकार चला रहे हैं। शेख हसीना सरकार के पतन के बाद से ही बांग्लादेश में लगातार भारत विरोधी माहौल बनाया जा रहा है। अगस्त 2024 से बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं, बौद्ध और ईसाइयों पर जुल्म भी बढ़ गए हैं। बांग्लादेश में फरवरी 2026 में संसद के चुनाव होने हैं।
