प्रतीक यादव का पत्नी अपर्णा से सुलझ गया विवाद, इंस्टा पोस्ट पर फोटो शेयर करते हुए लिखा, सब ठीक है
नई दिल्ली। मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का अपनी पत्नी अपर्णा से विवाद सुलझ गया है। कुछ दिन पहले अपर्णा पर परिवार को तोड़ने का आरोप लगाते हुए प्रतीक ने उनसे तलाक लेने की बात कही थी। मगर अब उन्होंने एक नई इस्टाग्राम पोस्ट पर पत्नी अपर्णा के साथ अपनी फोटो शेयर करते हुए लिखा, सब ठीक है। चैंपियन वो होते हैं जो अपनी व्यक्तिगत और पेशेवर समस्याओं पर विजय हासिल कर लेते हैं। हम चैंपियनों का एक परिवार हैं।
प्रतीक ने इंस्टाग्राम पर अपना एक वीडियो मैसेज भी शेयर किया है। इसमें उन्होंने कहा कि 19 जनवरी 2026 को मेरा और मेरी पत्नी अपर्णा के बीच बहुत भयानक विवाद हुआ था जिसके चलते मैंने सोशल मीडिया पर दो पोस्ट डाले थे। अब हम दोनों ने मिलकर अपने विवाद को सुलझा लिया है। इसके आगे उन्होंने गाली देते हुए कहा कि इस विवाद के सुलझने से और हमारे साथ आने से जिन लोगों को परेशानी और जलन हो रही है वो सबके सब भाड़ में जाओ।
प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव बीजेपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। प्रतीक ने इससे पहले 19 जनवरी को सोशल मीडिया पर लिखा था, मैं इस स्वार्थी औरत से जल्द तलाक ले रहा हूं। इसने मेरे पारिवारिक रिश्ते खराब कर दिए। पावर और फेम हासिल करना ही इसका एकमात्र उद्देश्य है। प्रतीक ने यह भी कहा था कि इस समय मेरी मानसिक स्थिति बहुत खराब है और इसे कोई परवाह नहीं है क्योंकि इसे सिर्फ अपनी ही चिंता है। मैंने कभी इतनी बुरी औरत नहीं देखी, इससे शादी करना मेरा दुर्भाग्य था। हालांकि प्रतीक की इस पोस्ट पर अपर्णा यादव की ओर से कोई भी प्रतिक्रिया नहीं आई थी।
