March 31, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अभी हुए चुनाव तो बीजेपी पूर्ण बहुमत के साथ बना लेगी सरकार, मोदी अब भी पीएम पद के लिए पहली पसंद, ताजा सर्वे के आंकड़े

नई दिल्ली। देश में अगर अभी लोकसभा चुनाव हो जाएं तो किसकी सरकार बनेगी? क्या एनडीए सत्ता में वापसी कर पाएगी या जनता इंडिया गठबंधन को मौका देगी? इन सवालों को लेकर सी-वोटर ने ‘मूड ऑफ द नेशन’ (MOTN) सर्वे किया है जिसमें चुनाव के संबंध में मतदाताओं से उनकी राय ली गई। सर्वे के अनुसार अभी चुनाव एनडीए के लिए फायदेमंद होंगे। एनडीए की सीटें पिछले चुनाव से बढ़कर 352 हो जाएंगी। वहीं बीजेपी के अकेले 287 सीटें जीतने का अनुमान लगाया गया है। जबकि इंडिया गठबंधन के हिस्से 182 सीटें आने की उम्मीद है जिसमें कांग्रेस के 80 सीटों पर जीतने की संभावना है।

पीएम पद की पहली पसंद को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में 55 फीसदी लोगों ने नरेंद्र मोदी का नाम लिया। वहीं 27 प्रतिशत लोगों ने राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद का उपयुक्त उम्मीदवार बताया। अगर वोट प्रतिशत की बात करें तो अभी इलेक्शन होने पर बीजेपी नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन को 47 फीसदी वोट मिल सकते हैं। जबकि कांग्रेस नीत इंडिया गठबंधन को 39 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान लगाया गया है। अन्य के हिस्से में 14 फीसदी वोट मिलने की उम्मीद लगाई गई है। इससे पहले अगस्त 2025 में जो सर्वे किया गया था, उसमें एनडीए को 324 सीटें और इंडिया गठबंधन को 208 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया था।

बता दें कि 2024 में हुए लोकसभा चुनाव में एनडीए को 43 फीसदी वोट शेयर मिला था, वहीं इंडिया ब्लॉक को 40 प्रतिशत वोट हासिल हुआ था। इसी प्रकार 2024 के लोकसभा चुनाव में एनडीए ने 293 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जिसमें बीजेपी को 240 सीटें, मिली थीं। वहीं एनडीए में शामिल तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) को 16 सीटें और जेडीयू के हिस्से 12 सीटें गई थीं। जबकि INDIA गठबंधन को 234 सीटें आई थीं जिसमें से कांग्रेस 99 सीटों पर जीती थी। 8 दिसंबर 2025 से 21 जनवरी 2026 के बीच यह सर्वे हुआ जिसमें हर वर्ग, जाति, धर्म, लिंग वाले 36 हजार 265 मतदाताओं को शामिल किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *