सर्राफा बाजार में बड़ी गिरावट, एमसीएक्स में 24000 गिरे चांदी के भाव, सोना भी हुआ सस्ता
नई दिल्ली। सर्राफा बाजार में जारी तेजी में आज अचानक ब्रेक लग गया। बाजार खुलते ही मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में सोना और चांदी की के भाव में गिरावट दर्ज की गई। चांदी की कीमत 24000 रुपए प्रति किलो तक टूट गई जबकि सोने भी 8,862 रुपए सस्ता हो गया। शुक्रवार को जब एमसीएक्स में कारोबार की शुरुआत हुई, तो चांदी का वायदा भाव 23,993 रुपए गिर गया और इसी के साथ प्रति किलो चांदी की कीमत 3,75,900 रुपये पर आ गई जो गुरुवार को बाजार बंद होने समय 3,99,893 प्रति किलोग्राम पर थी।
इसी तरह गुरुवार को बाजार बंद होने के समय सोना 1,83,962 रुपये प्रति दस ग्राम के लेवल पर था और शुक्रवार को बाजार खुला तो एक झटके में इसके भाव में 8,862 रुपये की गिरावट आ गई। इस तरह से सोने की कीमत 1,75,100 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। सोना और चांदी की कीमतों में आज आई भारी गिरावट के पीछे के एक्सपर्ट का मानना है कि इन धातुओं के तेजी से नए हाई लेवल पर पहुंचने के बाद बाजार में भारी बिकवाली देखी गई। निवेशकों की इसी मुनाफावसूली के कारण सोना और चांदी के भाव गिरे हैं। इसके अलावा वैश्विक माहौल तथा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ईरान पर परमाणु समझौते का दबाव बनाने का असर भी बाजार में दिखा है।
