जालंधर में आप नेता लकी ओबेरॉय की हत्या, अज्ञात हमलावरों ने गुरुद्वारे के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग कर बनाया निशाना
नई दिल्ली। पंजाब के जालंधर में आम आदमी पार्टी के नेता लकी ओबेरॉय की आज अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना जालंधर के मॉडल टाउन इलाके में हुई। लकी ओबेरॉय गुरुद्वारे में माथा टेकने के लिए पहुंचे थे, जब वो अपनी थार गाड़ी को पार्किंग में खड़ी कर रहे थे तभी दो बाइक पर आए चार हमलावरों ने उनको निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने 15-16 गोलियां चलाईं जिसमें से 5 गोलियां लकी ओबेरॉय को लगीं। गंभीर रूप से घायल लकी को तुरंत श्री राम स्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
फायरिंग के बाद हमलावर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुए इस हत्याकांड से घटनास्थल के आसपास के लोग डरे हुए हैं। पुलिस हमलावरों की पहचान और उनको पकड़ने के लिए सीसीटीवी कैमरों की मदद ले रही है। मॉडल टाउन इलाके में जहां घटना हुई उसके आसपास के दुकानदारों से भी पुलिस पूछताछ कर जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी पुलिस ने दर्ज किए हैं। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की और कुछ साक्ष्य जुटाए। एडीसीपी जयंत पुरी सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। हमलावरों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम लगातार प्रयासरत है। लक्की ओबेरॉय को जालंधर कैंट हल्के के आम आदमी पार्टी की इंचार्ज राजविंदर कौर थियाडा का करीबी माना जाता था।
उधर, लकी ओबेरॉय की हत्या की जानकारी मिलते ही शहर के कई राजनीतिक लोग और उनके समर्थक घटनास्थल और उसके बाद अस्पताल पर पहुंच रहे हैं। लकी ओबेरॉय की पत्नी ने आम आदमी पार्टी की टिकट पर नगर निकाय का चुनाव लड़ा था हालांकि वो जीत नहीं पाई थीं। वहीं बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद से लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह ठप हो चुका है। आम आदमी पार्टी के नेता ही सुरक्षित नहीं हैं।
