March 30, 2026

Hind foucs news

hindi new update

नवजोत सिंह सिद्धू फिर कमल थामेंगे?, पत्नी ने कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप

चंडीगढ़। क्रिकेटर से सियासत में आए और बीजेपी से कांग्रेस में जाने वाले नवजोत सिंह सिद्धू क्या फिर हाथ में कमल थामेंगे? इस सवाल की वजह ये कि उनकी पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। नवजोत कौर सिद्धू ने शनिवार को पंजाब के गवर्नर गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की। जिसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि अगर उनके पति नवजोत सिंह सिद्धू को कांग्रेस पंजाब में सीएम पद का उम्मीदवार घोषित करती है, तो वो फिर सक्रिय राजनीति में लौट आएंगे। सिद्धू की पत्नी ने आरोप लगाया कि पंजाब कांग्रेस में जबरदस्त गुटबाजी है। उन्होंने कहा कि पहले से ही कांग्रेस के पांच नेता पंजाब के सीएम पद की रेस में हैं। ये नेता नहीं चाहते कि नवजोत सिंह सिद्धू आगे बढ़ें।

नवजोत कौर सिद्धू ने कहा कि मेरे परिवार के पास किसी पार्टी को देने के लिए 500 करोड़ नहीं हैं कि सीएम की कुर्सी खरीद लें, लेकिन मेरे पति पंजाब को सोने की चिड़िया जैसा बनाना चाहते हैं। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि जिसने 500 करोड़ की सूटकेस दे दी, वो ही सीएम बन जाता है। जब नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी से ये पूछा गया कि क्या उनसे किसी ने रकम मांगी? तो उन्होंने कहा कि हमसे किसी ने नहीं मांगा, लेकिन सियासत में ऐसे ही होता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में जारी गुटबाजी नवजोत सिंह सिद्धू को आगे नहीं बढ़ने देती। नवजोत कौर ने कहा कि अगर कांग्रेस हाईकमान समझे, तो अलग बात है।

ये पूछे जाने पर कि क्या नवजोत सिंह सिद्धू लौटकर बीजेपी में जाएंगे? नवजोत कौर सिद्धू ने कहा कि पति की तरफ से वो कोई टिप्पणी नहीं कर सकतीं। फिर उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस नवजोत सिंह सिद्धू को सीएम फेस घोषित करती है, तो वो सियासत में लौटेंगे, वरना अपनी कमाई में खुश हैं। बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू पहले बीजेपी में थे। बीजेपी ने नवजोत सिंह सिद्धू को राज्यसभा भी भेजा था, लेकिन बाद में वो कांग्रेस में चले गए। सिद्धू को पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया। फिर उन्होंने तत्कालीन सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ भी मोर्चा खोला। दोनों में टकराव हुआ। इसके बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह बीजेपी के साथ चले गए। वहीं, विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पंजाब हार गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *