February 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

उड़ान भरते ही स्पाइसजेट विमान के इंजन में आई तकनीकी खराबी, करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

नई दिल्ली। दिल्ली से लेह जा रहे स्पाइसजेट के एक विमान के इंजन में उड़ान भरते ही तकनीकी खराबी आ गई जिसकी वजह से विमान में सवार 150 यात्री दहशत में आ गए। पायलट ने विमान को वापस दिल्ली एयरपोर्ट की तरफ मोड़ा और इमरजेंसी लैंडिंग कराई। जैसे ही विमान ने लैंड किया सभी लोगों ने राहत की सांस ली। विमान में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। मेंटिनेंस टीम के द्वारा विमान के इंजन की जांच की जा रही है। विमान में सवार यात्रियों को फिलहाल एयरपोर्ट पर रोका गया है और उनको गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की जा रही है।

स्पाइसजेट एयरलाइंस की ओर से बताया गया है कि विमान संख्या एसजी-121 ने मंगलवार सुबह दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लेह के लिए उड़ान भरी थी। पायलट को विमान में तकनीकी खराबी का अंदेशा हुआ। पायलट ने जैसे ही इसकी जानकारी एयर ट्रैफिक कंट्रोल को दी विमान को दिल्ली ले जाने का निर्णय लिया गया। इस विमान की लैंडिंग को प्राथमिकता दिए जाने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई थी साथ ही मेडिकल और फायर सर्विस भी एलर्ट मोड पर रखी गईं। हालांकि पायलट ने कुशलता के साथ विमान को बिना किसी परेशानी के लैंड करा दिया।

आपको बता दें कि इससे पहले 30 जनवरी को कुवैत से दिल्ली आ रही इंडिगो एयरलाइंस के एक विमान को बम से उड़ाने की धमकी मिली। फ्लाइट के अंदर एक टिश्यू पेपर में बम की धमकी और विमान हाईजैक करने की बात लिखी गई थी। इसके बाद अहमदाबाद में उस प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। यात्रियों के सामान की भी जांच की गई। बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड ने भी मौके पर पहुंचकर छानबीन की थी मगर कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला था। वहीं 14 फरवरी को कोलकाता से शिलांग के लिए उड़ान भरने वाले विमान में भी ऐसी ही एक धमकी भरी चिट मिली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *