March 13, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बिहार विधानसभा चुनाव खर्च में भी बीजेपी को टक्कर नहीं दे सकी कांग्रेस

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में तमाम दलों और प्रत्याशियों ने काफी खर्च किया। अब ये आंकड़ा आ गया है कि बिहार विधानसभा चुनाव में सबसे ज्यादा 89 सीट जीतने वाली बीजेपी और सिर्फ 6 सीट हासिल करने वाली कांग्रेस ने कितनी रकम खर्च की और ये उनकी पूंजी का कितना हिस्सा है। न्यूज चैनल आजतक ने चुनाव आयोग में बीजेपी और कांग्रेस की ओर से दाखिल चुनाव खर्च की जानकारी के आधार पर बताया कि बीजेपी ने बिहार विधानसभा चुनाव में 146.71 करोड़ खर्च किए। जबकि, कांग्रेस ने सिर्फ 35.07 करोड़ ही लगाए। बीजेपी ने बिहार विधानसभा में अपनी पूंजी का 2 फीसदी रकम लगाया। वहीं, कांग्रेस ने अपनी पूंजी का 28 फीसदी खर्च कर दिया।

आंकड़ों के मुताबिक बिहार चुनाव में विपक्ष के महागठबंधन में शामिल सीपीएम ने 26.75 लाख रुपए खर्च किए और मायावती की बीएसपी ने 9.01 करोड़ रुपए लगाए। न्यूज चैनल के मुताबिक अभी आरजेडी और जेडीयू समेत बाकी दलों ने चुनाव आयोग को बिहार विधानसभा चुनाव में खर्च हुई रकम के बारे में जानकारी मुहैया नहीं कराई है। चुनाव आयोग को बीजेपी ने बताया है कि उसने 117 करोड़ रुपए प्रचार और अपने स्टार कैंपेनरों की यात्रा पर खर्च किए। बीजेपी के मुताबिक उसने बिहार विधानसभा चुनाव में विज्ञापन के मद में 43.53 करोड़ रुपए खर्च किए। जिसमें से सबसे ज्यादा 14.27 करोड़ की रकम उसने गूगल इंडिया लिमिटेड को दी। बीजेपी ने ये भी बताया है कि उसने अपने प्रत्याशियों पर 29.71 करोड़ रुपए खर्च किए हैं।

वहीं, कांग्रेस ने चुनाव आयोग को बताया है कि बिहार विधानसभा चुनाव में उसकी ओर से खर्च किए गए 35.07 करोड़ की रकम में से 12.83 करोड़ स्टार कैंपेनरों की यात्रा पर लगे। इसके अलावा कांग्रेस ने बिहार विधानसभा चुनाव में सोशल मीडिया पर प्रचार के लिए 11.24 करोड़ रुपए खर्च किए। बाकी रकम राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ पर खर्च करने की जानकारी कांग्रेस ने दी है। बता दें कि कांग्रेस ने नेशनल हेराल्ड मामले में अपनी संपत्तियों को कुर्क किए जाने के बाद कोर्ट में बताया था कि उसके पास धन की काफी कमी है। बिहार विधानसभा चुनाव में खर्च के आंकड़े ये बता रहे हैं कि एनडीए को सत्ता से हटाने का दावा करने वाली कांग्रेस ने बीजेपी के मुकाबले एक-तिहाई से भी कम धन खर्च किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *