March 13, 2026

Hind foucs news

hindi new update

आईसीसी टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में टॉप टू पोजिशंस पर भारतीयों का कब्जा, वरुण चक्रवर्ती ने गंवाया नंबर वन गेंदबाज का ताज

नई दिल्ली। आईसीसी की ताजा रैंकिंग टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में भारत के ओपनर अभिषेक शर्मा 875 रेटिंग प्वाइंट के साथ टॉप पर बने हुए हैं। अभिषेक ने टी20 वर्ल्डकप के फाइनल मैच में ताबड़तोड़ पारी खेलते हुए 21 गेंदों में 52 रन बनाए थे। वहीं नंबर टू की पोजिशन पर भी भारतीय बल्लेबाज का ही नाम है। ईशान किशन 871 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर हैं। ईशान इससे पहले चौथे पायदान पर थे। वर्ल्ड कप में ईशान किशन की जबर्दस्त बल्लेबाजी के चलते उनको फायदा हुआ और वो दो स्थान ऊपर पहुंच गए। रैंकिंग में काफी समय से नंबर एक अभिषेक शर्मा को अब ईशान किशन से चुनौती मिल रही है।

टॉप 10 में भारत के कुल 4 बल्लेबाज अपनी जगह बनाने में सफल रहे हैं। भारत के तिलक वर्मा 7वें स्थान पर हैं जबकि टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव 9वें पायदान पर हैं। टी20 वर्ल्ड कप में भारत की जीत के सुपरहीरो रहे संजू सैमसन ने आईसीसी रैंकिंग में लंबी छलांग लगाई है। संजू ने टी20 वर्ल्ड कप में एक के बाद एक लगातार तीन मैचों में अर्द्धशतकीय पारी खेली थी। इन पारियों की बदौलत संजू के रेटिंग प्वाइंट्स में सुधार हुआ और वो 18 स्थान की छलांग लगाकर 22वें पायदान पर पहुंच गए हैं। वहीं एक और भारतीय खिलाड़ी शिवम दूबे शिवम दुबे भी चार स्थान ऊपर चढ़कर 27वें नंबर पर आ गए हैं।

इसी तरह आईसीसी टी20 गेंदबाजों की रैंकिंग में भारत के स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को झटका लगा है। वरुण नंबर वन पोजिशन से नीचे खिसककर दूसरे स्थान पर आ गए हैं। अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान ने एक बार फिर से नंबर-1 की पायदान पर कब्जा जमाया है। भारत के जसप्रीत बुमराह छठे और अक्षर पटेल 17वें नंबर पर पहुंच गए हैं। टी20 ऑलराउंडर रैंकिंग में जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा टॉप पर बने हुए हैं। वहीं भारत के हार्दिक पंड्या दूसरे नंबर पर काबिज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *