विराट कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर
नई दिल्ली। भारत और अफगानिस्तान के बीच इसी महीने तीन वनडे मैचों की सीरीज होनी है। इस सीरीज से पहले टीम इंडिया के लिए एक बुरी खबर है। भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज नहीं खेलेंगे। हालांकि इस संबंध में बीसीसीआई की ओर से अभी आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है मगर मीडिया सूत्रों के अनुसार विराट सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे। बताया जा रहा है कि विराट कोहली को हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई है और इसी वजह से वो अपकमिंग वनडे सीरीज में खेलते नहीं दिखेंगे। विराट की बैटिंग को देखने के उत्सुक फैंस के लिए भी यह खबर एक झटके से कम नहीं है।
विराट कोहली इस समय शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने रॉयल चैलेन्जर्स बेंगलुरु को आईपीएल ट्रॉफी जिताने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आरसीबी ने लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी जीती है। आईपीएल 2026 के फाइनल में विराट ने 42 गेंदों पर नाबाद 75 रन बनाए थे, बताया जा रहा है कि उसी दौरान उनको यह इंजरी हुई। मैच के आखिरी ओवरों के दौरान विराट को दौड़ने में कुछ परेशानी भी महसूस हो रही थी। इसके बावजूद विराट अपनी जीत को जिता कर ही मैदान से वापस लौटे थे।
वहीं अब भारतीय टीम के प्रशंसकों की नजर पूर्व कप्तान रोहित शर्मा पर है। रोहित को भी वनडे टीम में शामिल किया गया है हालांकि फिलहाल वो भी फिटनेस से जूझ रहे हैं, ऐसे में देखना यह होगा कि क्या रोहित अफगानिस्तान के खिलाफ खेलते नजर आएंगे या नहीं। आपको बता दें कि भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच 6 जून से न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा। इसके बाद तीन वनडे मैचों की सीरीज होगी जिसका पहला मैच 14 जून को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में दोपहर 1.30 बजे से खेला जाएगा। दूसरा वनडे 17 जून, दोपहर 1.30 बजे से लखनऊ के इकॉना स्टेडियम में और तीसरा वनडे 20 जून को चेन्नई में दोपहर 1.30 बजे से होगा।
