June 4, 2026

Hind foucs news

hindi new update

मालवीय नगर अग्निकांड की घटना को संज्ञान में लेकर यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने जारी किए सख्त निर्देश, शुरू हुआ अभियान

नई दिल्ली। दिल्ली के मालवीय नगर में स्थित होटल-रेस्तरां में हुए अग्निकांड की घटना को संज्ञान में लेते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सुरक्षा संबंधी सख्त निर्देश जारी किए हैं। योगी ने प्रदेश के सभी विकास प्राधिकरणों, पुलिस विभाग, सार्वजनिक कल्याण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ कई अन्य विभागों को निर्देश दिया है कि सभी ऊंची इमारतों, कार्यालयों, होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का गहन निरीक्षण किया जाए और अग्नि सुरक्षा प्रणालियों को मजबूत किया जाए। सभी होटलों को विशेष सुरक्षा निरीक्षण कराना चाहिए और लेखापरीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत करनी चाहिए।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद होटलों और अन्य हाईराइज बिल्डिंगों का निरीक्षण शुरू भी हो गया है। लखनऊ अग्निशमन विभाग ने शहर के होटलों के निरीक्षण का अभियान शुरू किया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी, अंकुश मित्तल ने बताया कि हमने अभी जहां जांच की है और यहां व्यवस्थाएं ठीक हैं। हालांकि कुछ कमियां हैं जिन्हें लिखकर हम इन्हें अवगत करा देंगे। सभी होटलों में ड्राइव चलाई जा रही है। सभी स्टेशन प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में होटलों की जांच कर रहे हैं। जहां पर भी लापरवाही मिलेगी उनके खिलाफ वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आपको बता दें कि मालवीय नगर अग्निकांड में 21 लोगों की जान गई है जिसमें कई विदेशी नागरिक हैं। होटल मालिक साकेत निवासी लवकेश बजाज को गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ में उसने यह बात कबूल की है कि होटल के पास फायर एनओसी नहीं थी। हालांकि लवकेश का कहना है कि वो होटल खुद नहीं चला रहा था बल्कि उसे लीज पर दिया हुआ था। बिल्डिंग में आने जाने का सिर्फ एक ही रास्ता था और ऊपर जाने के लिए लिफ्ट के अलावा सिर्फ एक ही सीढ़ी थी। यही कारण है कि आग लगने के बाद बिल्डिंग में लोग फंस गए थे। यह भी पता चला है कि बिल्डिंग में बिना परमीशन अवैध रूप से फ्लोर बनाए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *