‘शशि थरूर ने रेड डलवाने की धमकी दी…राजीव शुक्ला आकर कहते…’, ललित मोदी के आरोपों से सियासत गर्माने के आसार
नई दिल्ली। आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी ने दावा किया है कि आज भी मैच फिक्सिंग होती है। एएनआई से खास बातचीत में ललित मोदी ने 2010 के कोच्चि आईपीएल फ्रेंचाइजी विवाद पर भी दावा किया कि उस वक्त केंद्रीय मंत्री रहे शशि थरूर ने फोन कर सुनंदा पुष्कर के बारे में सवाल न खड़े करने के लिए कहा था। ललित मोदी ने ये आरोप भी लगाया कि समझौते पर दस्तखत करने के लिए उन पर दबाव डाला गया।
ललित मोदी ने कहा कि कोच्चि टीम खरीदने वाले कंसोर्शियम के बारे में उनको शुरू से शक था। ललित मोदी के मुताबिक कोच्चि टीम को करीब 350 मिलियन डॉलर में खरीदा गया, लेकिन इसके कुछ शेयर होल्डर्स की हिस्सेदारी और निवेश में तालमेल नहीं दिख रहा था। ललित मोदी का कहना है कि समझौते पर दस्तखत से पहले उन्होंने कोच्चि आईपीएल टीम के कंसोर्शियम सदस्यों से मुलाकात का फैसला किया। बेंगलुरु में बैठक हुई, लेकिन सुनंदा पुष्कर मौजूद नहीं थीं। ललित मोदी के मुताबिक बैठक में उनको बताया गया कि सुनंदा पुष्कर को कोच्ची कंसोर्शियम में अहम जिम्मेदारी मिल सकती है।
ललित मोदी का कहना है कि उन्होंने ये जानना चाहा कि सुनंदा पुष्कर कौन हैं। उनको हिस्सेदारी क्यों दी जा रही? उन्होंने कहा कि संतोषजनक जवाब मिलने तक वो दस्तखत नहीं करेंगे। ऐसा कहने के कुछ देर बाद ही शशि थरूर ने फोन किया और कहा कि वो सुनंदा पुष्कर के बारे में ज्यादा सवाल न करें। अगर इस मामले को आगे बढ़ाया, तो उनके यहां छापा भी पड़ सकता है। ललित मोदी का कहना है कि उन्होंने शशि थरूर से कहा कि आप विदेश मंत्री हो सकते हैं, लेकिन मुझे धमकी नहीं दे सकते। इसके बाद उन्होंने दस्तखत करने से इनकार कर दिया। इसके बाद बीसीसीआई के तत्कालीन अध्यक्ष शशांत मनोहर का फोन आया। शशांक ने ललित मोदी से समझौते पर दस्तखत करने के लिए कहा। जिसके बाद ललित मोदी ने दस्तखत किए। ललित मोदी के मुताबिक अगली सुबह हर अखबार में खबर थी कि शशि थरूर और सुनंदा पुष्कर की शादी हो रही है। फिर पता चला कि दस्तखत करने के लिए इतना दबाव क्यों पड़ रहा था।
ललित मोदी ने आरोप लगाया कि उस वक्त शशि थरूर को सोनिया गांधी का समर्थन हासिल था। उन्होंने कहा कि अहमद पटेल और प्रणब मुखर्जी ने मुझे फोन किया। वहीं, राजीव शुक्ला आकर कहते कि चलो, अहमद पटेल आ रहे हैं। ललित मोदी ने कहा कि कोई टीम के लिए 350 मिलियन डॉलर कैसे दे सकता है। जहां 75 फीसदी शेयर होल्डर 100 फीसदी लागत चुका रहे हैं। ललित मोदी ने कहा कि रेवेन्यू के तौर पर आने वाले हर डॉलर में उसे 15 फीसदी हिस्सा मिलता। ललित मोदी के ताजा आरोपों से सियासत गर्माने के आसार हैं। शशि थरूर और राजीव शुक्ला के साथ ही कांग्रेस भी इसके लपेटे में आ सकती है।
