July 22, 2026

Hind foucs news

hindi new update

ट्रंप ने इन दवाइयों पर 200 फीसदी टैरिफ का किया एलान, भारत की फार्मा कंपनियों को लग सकता है जोर का झटका!

नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक नया फैसला अब भारत के जेनरिक दवा उद्योग पर भारी पड़ सकता है। ट्रंप ने बुधवार को कहा कि अगस्त 2028 से आयात की जाने वाली जेनरिक दवा पर टैरिफ लगेगा। भारतीय दवा कंपनियों के जेनरिक उत्पाद बड़ी तादाद में अमेरिका जाते हैं। भारी टैरिफ लगाने के ट्रंप के फैसले से इनकी बनाई जेनरिक दवा बहुत महंगी होने के आसार हैं। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि 1 अगस्त 2026 से अमेरिका में जो जेनरिक दवाइयां आती हैं, उन पर अगले दो साल कोई टैरिफ नहीं लगेगा। ट्रंप ने कहा है कि 2028 से एक साल के लिए जेनरिक दवा पर 100 फीसदी टैरिफ लगेगा। जिसके बाद इसे बढ़ाकर 200 फीसदी किया जाएगा।

ट्रंप ने कहा है कि जेनरिक दवा पर भारी टैरिफ लगाने का फैसला इसलिए किया गया, ताकि इनको बनाने वाली कंपनियां अमेरिका में ही प्लांट लगाएं। ट्रंप ने कहा कि जो कंपनियां तय वक्त में जेनरिक दवा बनाने के प्लांट और उपकरण नहीं लगाएंगी, उन पर जुर्माना भी लगाया जाएगा। ट्रंप ने जेनरिक दवाइयों पर टैरिफ की वजह अमेरिकी नागरिकों की सुरक्षा से जोड़ा है। साथ ही कहा है कि पेटेंट वाली, ब्रांडेड और इनोवेटिव दवाइयों पर उनकी नीति सफल रही है और वो बनी रहेगी। ऐसी दवाइयों के आयात पर ट्रंप ने 100 फीसदी टैरिफ लगाया हुआ है। ट्रंप के जेनरिक दवाइयों पर भारी टैरिफ लगाने से भारत की दवा कंपनियों के लिए दिक्कत बढ़ेगी। एक रिपोर्ट के मुताबिक बीते साल भारत ने अमेरिका को 9.7 अरब डॉलर की दवाइयां निर्यात की थीं। भारत जेनरिक दवाइयों का बड़ा निर्माता है और 2025 में उसने दुनियाभर में 25.8 अरब डॉलर की दवाइयां निर्यात की हैं।

अमेरिका में लोग ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, कैंसर, मानसिक स्वास्थ्य और अन्य रोगों के लिए भारत में बनी जेनरिक दवाइयां खरीदते हैं। ट्रंप के 200 फीसदी टैरिफ से भारत की इन जेनरिक दवाइयों की कीमत भी बढ़ जाएगी। उदाहरण के तौर पर अगर कोई जेनरिक दवा अभी 2 डॉलर में मिलती है, तो 2029 से उसकी कीमत बढ़कर 6 डॉलर हो जाएगी। ऐसे में टैरिफ से बचने के लिए भारतीय दवा कंपनियों को अमेरिका में प्लांट लगाना होगा। जिसका असर भारत पर भी पड़ेगा और यहां से अमेरिका को जेनरिक दवा का निर्यात कम हो जाएगा। पिछले साल अपने कुल दवा निर्यात का 38 फीसदी भारत ने अमेरिका को किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *