April 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पाकिस्तान की जनता पर फिर फूटा महंगाई बम, पेट्रोल 458 रुपए और डीजल 520 रुपए प्रति लीटर का हुआ

इस्लामाबाद। पाकिस्तान में एक बार फिर जनता पर महंगाई का बम फूटा है। पाकिस्तान में पेट्रोल और डीजल की कीमत में जबरदस्त बढ़ोतरी की गई है। माना जा रहा है कि आईएमएफ के दबाव में पाकिस्तान सरकार ने एक बार फिर पेट्रोल और डीजल की कीमत बढ़ाई है। ईरान युद्ध के बीच पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत में 136 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। इससे पाकिस्तान में पेट्रोल 458 रुपए लीटर हो गया है। वहीं, डीजल की कीमत 520 रुपए हो गई है। पाकिस्तान में पेट्रोल और डीजल की ये ताजा दरें गुरुवार रात 12 बजे से लागू हुई हैं।

पाकिस्तान के नए पेट्रोलियम मंत्री परवेज मलिक ने पेट्रोल और डीजल की कीमत में बढ़ोतरी का एलान किया। उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की कीमत में बड़ी उछाल आई है। जिसकी वजह से पाकिस्तान में भी पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाने के अलावा कोई रास्ता नहीं। पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि ईरान युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बेकाबू हो गई हैं। पेट्रोल और डीजल के नए रेट घोषित करते वक्त पेट्रोलियम मंत्री के साथ पाकिस्तान के वित्त मंत्री मोहम्मद औरंगजेब भी थे। पाकिस्तान में इससे पहले सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दाम में 50-50 रुपए की बढ़ोतरी की थी। ईरान युद्ध शुरू होने के बाद पाकिस्तान में एक ही महीने में पेट्रोल और डीजल की कीमत आसमान पर पहुंची है।

ईरान युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में काफी बढ़ोतरी हुई है। ब्रेंट क्रूड जहां प्रति बैरल 109 डॉलर से ऊपर हो गया है। वहीं, डब्ल्यूटीआई क्रूड की कीमत 111 डॉलर प्रति बैरल के पार है। ईरान युद्ध के कारण होर्मुज स्ट्रेट से जहाज आ नहीं पा रहे। इससे कच्चे तेल का बड़ा हिस्सा बाजार तक नहीं पहुंच पा रहा। नतीजे में रूस, अमेरिका और अफ्रीका के देशों का कच्चा तेल ही बाजार में जा रहा है। ईरान युद्ध अगर जारी रहा, तो कच्चे तेल की कीमत में और भी इजाफा हो सकता है। कच्चे तेल के दाम बढ़ने से अमेरिका और कई अन्य देशों में भी पेट्रोल और डीजल की कीमत बढ़ानी पड़ी है। भारत में अभी सामान्य पेट्रोल और डीजल की कीमत नहीं बढ़ी है। सिर्फ प्रीमियम पेट्रोल और हाई स्पीड डीजल के दाम में दो बार बढ़ोतरी की गई है। जिसका इस्तेमाल करने वाले सिर्फ 4 फीसदी लोग हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *