April 18, 2026

Hind foucs news

hindi new update

ईरान पर ट्रंप ने फिर बदला बयान, समझौता न होने पर बमबारी की धमकी दी

वॉशिंगटन। ईरान के बारे में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार अपने बयान बदल रहे हैं। ट्रंप ने पहले दावा किया कि ईरान से समझौता होने ही वाला है। फिर ट्रंप ने दावा किया कि होर्मुज की नाकेबंदी उन्होंने खत्म कर दी है। ट्रंप ने ये दावा भी किया कि ईरान अपना संवर्धित यूरेनियम अमेरिका को सौंपने के लिए तैयार है। अब ट्रंप ने कहा है कि होर्मुज की नाकेबंदी जारी रहेगी। उन्होंने ये भी कहा कि हो सकता है युद्धविराम न बढ़ाएं। इसके अलावा अमेरिका के राष्ट्रपति ने ईरान को नई धमकी भी दी है। ट्रंप ने कहा है कि अगर समझौता न हुआ, तो हमें फिर से बमबारी शुरू करनी होगी।

ट्रंप के इस ताजा बयान से पहले ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बागेर गालिबाफ ने कहा था कि अमेरिका के राष्ट्रपति ने जितने भी दावे किए हैं, वे झूठ का पुलिंदा हैं। गालिबाफ के इस बयान और ट्रंप की ताजा धमकी से साफ है कि ईरान और अमेरिका के बीच समझौता इतना आसान नहीं। हालांकि, अमेरिका के न्यूज चैनल सीएनएन ने ईरानी सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल के बीच सोमवार से फिर पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में बातचीत शुरू होगी। इससे पहले ईरान और अमेरिका के बीच इस्लामाबाद में 21 घंटे बातचीत हुई थी, लेकिन दोनों पक्षों के अपनी शर्तों पर अड़े रहने के कारण ये बातचीत विफल हो गई थी।

ईरान की शर्त है कि लेबनान पर इजरायल के हमले पूरी तरह बंद हों। फिलहाल इजरायल ने लेबनान पर हमले रोक दिए हैं। ईरान की ये शर्त भी है कि उसे युद्ध का हर्जाना मिले। होर्मुज पर भी ईरान अपना नियंत्रण चाहता है। ईरान ने ये भी साफ कहा है कि वो अपना परमाणु कार्यक्रम बंद नहीं करेगा। अमेरिका को संवर्धित यूरेनियम सौंपने से भी ईरान ने मना कर दिया है। ईरान की ये भी शर्त है कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय गारंटी दे कि फिर कभी अमेरिका और इजरायल उस पर हमला नहीं करेंगे। वहीं, ट्रंप की शर्त है कि ईरान अपना परमाणु कार्यक्रम खत्म करे। साथ ही मिसाइल कार्यक्रम पर भी रोक लगाए। ट्रंप ने सभी के लिए होर्मुज खोले रखने की भी शर्त रखी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *