April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

ट्रंप से भिड़े एलन मस्क तो रूस ने दिया खुला ऑफर, सांसद बोले- शरण दे सकते हैं

मॉस्को। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और एलन मस्क के बीच टकराव ने गंभीर रूप ले लिया। यहां तक कि ट्रंप ने ये कहा कि मस्क की कंपनियों को मिल रही सब्सिडी और सुविधाओं को खत्म किया जाए, तो अमेरिका के कई अरब डॉलर बचेंगे। वहीं, एलन मस्क ने भी एक्स पर पोल कराया कि क्या अमेरिका को तीसरे राजनीतिक दल की जरूरत है और 80 फीसदी लोगों ने इसे समर्थन दिया। अब रूस के सांसद दिमित्री नोविकोव ने एलन मस्क को खुला ऑफर दिया है। नोविकोव ने कहा है कि अगर एलन मस्क चाहें, तो रूस उनको राजनीतिक शरण दे सकता है। रूस ने पहले भी अमेरिका के व्हिसिल ब्लोअर एडवर्ड स्नोडेन और ब्रिटेन के ब्लॉगर ग्राहम फिलिप्स को राजनीतिक शरण दी थी।

रूस की न्यूज एजेंसी तास से दिमित्री नोविकोव ने कहा कि उनको लगता है एलन मस्क का खेल अलग है। उनको राजनीतिक शरण की कोई जरूरत नहीं है। इसके बाद रूस के सांसद ने कहा कि अगर मस्क को शरण की जरूरत होगी, तो रूस जरूर उनको ये मुहैया कराएगा। दिमित्री नोविकोव ने कहा कि बीते कुछ साल में मस्क ने एक तरह का राजनीतिक संवाद स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि इस स्थिति में तीन साल में डेमोक्रेटिक पार्टी की टीम व्हाइट हाउस नहीं लौटने वाली और मस्क को इसे देखना चाहिए और वैसा नहीं करना चाहिए जिसे वो समर्थन कर रहे हैं। नोविकोव ने कहा कि इस वजह से रणनीतिक विवाद हैं और मस्क को उसी के हिसाब से आगे कदम उठाना होगा।

रूस के सांसद दिमित्री नोविकोव का एलन मस्क को राजनीतिक शरण देने का ऑफर इस मायने में अहम है क्योंकि व्हाइट हाउस के पूर्व रणनीतिकार स्टीव बैनन ने टेस्ला के चीफ को अवैध विदेशी बताया था। बैनन ने ये भी कहा था कि एलन मस्क को अमेरिका से डिपोर्ट करना चाहिए। इसके साथ ही बैनन ने अमेरिका की सरकार से आग्रह किया था कि वो एलन मस्क की कंपनी स्पेस एक्स को भी जब्त कर ले। स्टीव बैनन ने ये बयान गुरुवार को उस वक्त दिया, जब ट्रंप से बहसबाजी के बाद एलन मस्क ने एक्स पर ये एलान किया था कि वो स्पेस एक्स के ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट की उड़ान बंद कर देंगे। दरअसल, मस्क के ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट से ही अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर अंतरिक्ष यात्रियों को भेजा और वहां से लाया जाता है। इस बारे में अमेरिका की अंतरिक्ष एजेंसी नासा और स्पेस एक्स के बीच करोड़ों डॉलर का करार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *