May 31, 2026

Hind foucs news

hindi new update

असम और पुदुचेरी में बीजेपी की आंधी, पश्चिम बंगाल में भी ‘कमल’ खिला, जानिए तमिलनाडु और केरल का हाल

नई दिल्ली। चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की विधानसभा चुनाव के नतीजे आ रहे हैं। ताजा रुझानों के मुताबिक पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की टीएमसी की 15 साल से चल रही सरकार सत्ता से बाहर होती दिख रही है। बीजेपी ने यहां वोटों की गिनती के दौरान बड़ी बढ़त हासिल की है और पश्चिम बंगाल में कमल खिला है। असम में बीजेपी की आंधी है और वो लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। पुदुचेरी में भी बीजेपी गठबंधन की सरकार बनना तय है। जबकि, तमिलनाडु में एक्टर विजय की टीवीके ने सुनामी ला दी है। उसने सत्तारूढ़ डीएमके को पटकनी दी है। वहीं, केरल में लगातार दो बार से सत्तारूढ़ एलडीएफ को कांग्रेस नीत यूडीएफ सत्ता से बाहर करती दिख रही है।

खबर लिखे जाने तक पश्चिम बंगाल में टीएमसी को 100 और बीजेपी को 182 सीट पर बढ़त हासिल हुई है। वहीं, असम में बीजेपी का एनडीए गठबंधन 99 सीट लेकर आगे है। कांग्रेस के पक्ष में 24 सीटों का रुझान है। तमिलनाडु में डीएमके 55 और एआईएडीएमके गठबंधन 68 सीट पर आगे दिख रहा है। एक्टर विजय की टीवीके को 111 सीट पर बढ़त दिख रही है। केरल में कांग्रेस नीत यूडीएफ के पक्ष में 98 सीटों का रुझान है। वहीं, सत्तारूढ़ एलडीएफ को 39 सीट पर बढ़त हासिल हुई है। केरल में एनडीए भी 2 सीट पर आगे है। पुदुचेरी की बात करें, तो यहां एनडीए 21 और कांग्रेस सिर्फ 6 सीट पर ही आगे है।

असम, केरल और पुदुचेरी में 9 अप्रैल को वोटिंग कराई गई थी। जबकि, तमिलनाडु में 23 अप्रैल को मतदान हुआ था। पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को वोट पड़े थे। असम में बहुमत के लिए 126 में से 64 सीट चाहिए। वहीं, पश्चिम बंगाल में 294 में बहुमत के लिए 148 सीट की जरूरत है। तमिलनाडु में 234 सीट हैं। यहां बहुमत के लिए 118 सीट की जरूरत है। केरल की 140 सीट में बहुमत का आंकड़ा 71 है। जबकि, पुदुचेरी की 30 सीट हैं। यहां सरकार बनाने के लिए 16 सीट चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed