पश्चिम बंगाल में 2021 के मुकाबले बीजेपी ने वोट प्रतिशत में की जबरदस्त बढ़ोतरी, ममता बनर्जी की टीएमसी का इस बार गिरा आंकड़ा
कोलकाता। बीजेपी आखिरकार पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की टीएमसी सरकार को सत्ता से हटाने का अपना लक्ष्य हासिल करती दिख रही है। पश्चिम बंगाल की 294 में से 293 सीटों पर पड़े वोटों की गिनती शुरू होते ही बीजेपी ने टीएमसी को पछाड़ना शुरू कर दिया था। बीजेपी ने टीएमसी पर ये बढ़त वोट प्रतिशत में अभूतपूर्व बढ़ोतरी की वजह से हासिल की है। साल 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 37 फीसदी वोट हासिल हुए थे, लेकिन उसने टीएमसी से उस वक्त के अंतर को सिर्फ पाट ही नहीं दिया, बल्कि वोट प्रतिशत में बीजेपी आगे भी बढ़ गई।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव नतीजों के ताजा आंकड़ों के मुताबिक बीजेपी को 45.32 फीसदी वोट हासिल हो रहे हैं। जबकि, ममता बनर्जी की टीएमसी का वोट प्रतिशत 40.74 फीसदी है। ममता बनर्जी की टीएमसी ने 2021 के विधानसभा चुनाव में 48 फीसदी वोट के 215 सीट जीती थीं। जबकि, बीजेपी को 77 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल हुई थी। ताजा आंकड़ों की बात करें, तो पश्चिम बंगाल में कांग्रेस की दुर्गति की सिलसिला जारी है। उसे 2.62 फीसदी वोट ही हासिल होते दिख रहे हैं। जबकि, अन्य को 5.59 फीसदी वोट मिलते दिखाई दे रहे हैं। पश्चिम बंगाल की सत्ता पर 34 साल राज करने वाले वामदल भी वोट प्रतिशत में बेहाल हैं।
पश्चिम बंगाल में साल 2011 में ममता बनर्जी की टीएमसी ने वामदलों के शासन का अंत तक अपनी सरकार बनाई थी। इसके बाद ममता बनर्जी की पार्टी 2016 और 2021 के विधानसभा चुनाव भी बड़े अंतर से जीती थी। ममता बनर्जी और टीएमसी के नेताओं ने दावा किया था कि पश्चिम बंगाल में चौथी बार भी उनकी सरकार बनेगी, लेकिन जनता का मूड पार्टी भांप नहीं सकी। दो दिन पहले ही ममता बनर्जी ने वीडियो जारी कर दावा किया था कि उनकी पार्टी 200 से ज्यादा सीट जीतेगी। जबकि, उनके भतीजे और टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी का दावा था कि 2021 के मुकाबले उनकी पार्टी को ज्यादा सीट मिलेगी। ममता और अभिषेक के ये दावे पश्चिम बंगाल की जनता ने ध्वस्त कर दिए हैं।
