May 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ और लुधियाना मेयर इंद्रजीत कौर के घर को बम से उड़ाने की धमकी

नई दिल्ली। पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ और लुधियाना की मेयर इंद्रजीत कौर के घर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। लुधियाना नगर निगम के कमिश्नर के आधिकारिक ईमेल अकाउंट पर आज सुबह यह धमकी भरा ईमेल आया। प्रशासन ने इस धमकी भरे ईमेल को गंभीरता से लेते हुए दिलजीत दोसांझ और मेयर के आवास की सुरक्षा बढ़ा दी है। साइबर सेल के द्वारा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह मेल कहां से भेजा गया है। धमकी भेजने वाले ने दोनों जगहों पर ब्लास्ट का टाइम और तारीख भी बताते हुए लिखा है कि 6 जून तक सिलसिलेवार बम धमाके किए जाएंगे।

ईमेल में यह धमकी दी गई है कि मेयर इंद्रजीत कौर के आवास पर दोपहर 1:11 बजे हमला होगा। वहीं दिलजीत दोसांझ के घर पर छह जून तक दलजीत दोसांझ के घर गांव में रात 9.11 मिनट पर ब्लास्ट करने की धमकी दी गई है। इस ईमेल में कुछ खास लोगों के नाम और संगठन का भी हवाला दिया गया है। इसमें खालिस्तान नेशनल आर्मी, इंजीनियर गुरनख सिंह, रूकन शाहवाल, डाक्टर गुरनिवैर सिंह और खान रजादा का नाम लिखा है। पुलिस की ओर से सभी संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मेयर आवास और दिलजीत दोसांझ के घर पर भी अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।

जांच के दौरान अभी तक कहीं से भी किसी प्रकार की कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है। मेल भेजने वालों ने इस बात की भी धमकी दी है कि दिलजीत दोसांझ की मदद करने वाले को भी निशाना बनाया जाएगा। इसके साथ ही धमकी भरे ईमेल में 1984 के सिख दंगों का जिक्र करते हुए भड़काऊ और हिंसक भाषा का इस्तेमाल किया गया है। आपको बता दें कि इससे पहले पंजाब के कुछ स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *