एक बार फिर बढ़ी कॉमर्शियल और 5 किलो वाले रसोई गैस सिलेंडर की कीमत, जानिए अब कितने में मिल रहा?
नई दिल्ली। ईरान संकट अभी जारी है। नतीजे में आए दिन पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत में इजाफा हो रहा है। पेट्रोल-डीजल और सीएनजी की कीमत में कई बार बढ़ोतरी हो चुकी है। अब पेट्रोलियम कंपनियों ने एक बार फिर कॉमर्शियल और 5 किलोग्राम रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी की है। कॉमर्शियल रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 42 रुपए और 5 किलोग्राम के सिलेंडर के रेट में 11 रुपए का इजाफा किया गया है।
ताजा बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में कॉमर्शियल रसोई गैस सिलेंडर की कीमत अब 3113.50 रुपए हो गई है। जबकि, 5 किलो का छोटा सिलेंडर अब 821.50 रुपए में मिलेगा। पेट्रोलियम कंपनियों ने आम लोगों को राहत देते हुए घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत नहीं बढ़ाई है। हालांकि, कॉमर्शियल रसोई गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने से होटल, रेस्तरां, ढाबों, मिठाई की दुकानों वगैरा में बिकने वाली चीजों की कीमत बढ़नी तय है। इससे बाहर खाने-पीने और मिठाई-नमकीन खरीदने वालों की जेब और ढीली होनी तय है। पेट्रोलियम कंपनियों ने 1 मई को कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 993 रुपए की बढ़ोतरी की थी। उस वक्त 5 किलो वाले रसोई गैस सिलेंडर का रेट भी 261 रुपए बढ़ाया गया था।
पेट्रोलियम उत्पादों की कीमत में बढ़ोतरी की वजह होर्मुज के रास्ते जहाजों का न आ पाना है। ईरान और अमेरिका के बीच तनाव के कारण होर्मुज से होकर जहाजों के आवागमन में बाधा पड़ी है। बहुत कम तादाद में जहाज उस रूट से आ रहे हैं। होर्मुज के रास्ते में बाधा आने के कारण पेट्रोलियम कंपनियों को पास के खाड़ी देशों की जगह दूर-दराज के देशों से कच्चा तेल खरीदना पड़ रहा है। कच्चे तेल की कीमत वैसे भी ज्यादा है और दूर से लाने के कारण ट्रांसपोर्ट का खर्च भी बढ़ गया है। इसकी वजह से पेट्रोलियम कंपनियों को भारी घाटा हो रहा है। इस घाटे को पाटने की कोशिश रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल, सीएनजी की कीमत बढ़ाकर की जा रही है। अगर ईरान और अमेरिका में शांति न हुई, तो आने वाले दिनों में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमत में और इजाफा होने की आशंका है।
