June 20, 2026

Hind foucs news

hindi new update

भविष्य की अर्थव्यवस्था का नेतृत्व करने की तैयारी कर रहा भारत, जी-7 समिट से लौटने के बाद बोले पीएम नरेंद्र मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘पीएम विकसित भारत रोजगार योजना’ के अंतर्गत 2,400 करोड़ का इंसेंटिव वितरण किया। मोदी बोले, मैं अभी कुछ ही घंटे पहले फ्रांस और स्लोवाकिया की यात्रा से लौटा हूं। जी-7 में विकसित देशों के दिग्गज नेताओं से मिला हूं। दुनिया आज भारत की युवा शक्ति की चर्चा कर रही है। भारत के टैलेंट, स्किल और पोटेंशियल की चर्चा सुदूर तक हो रही है। दुनिया भारत के युवाओं की क्षमता को भलीभांति पहचानने लगी है। ऐसे समय में हमारी कोशिश है कि भारत का हर युवा अपनी क्षमता को अवसर में बदल सके और इसी सोच के साथ ‘पीएम विकसित भारत रोजगार योजना’ का आरंभ हुआ।

मोदी ने कहा, दुनिया भविष्य की अर्थव्यवस्था के लिए तैयार हो रही है और भारत भविष्य की अर्थव्यवस्था का नेतृत्व करने की तैयारी कर रहा है। दुनिया फ्यूचर टेक्नोलॉजी की ओर आगे बढ़ रही है और भारत अपने युवाओं को फ्यूचर रेडी बनाने में जुटा है। यही भारत के युवाओं के लिए सबसे बड़ा अवसर है और हमें इस अवसर का पूरा लाभ उठाना है। विकसित भारत का रास्ता युवाओं के सपनों, उनके कौशल और उनके सामर्थ्य से होकर जाता है। भारत जैसे युवा देश में अवसरों के स्रोत जितने अधिक होंगे युवाओं के सपनों को उतनी ही अधिक उड़ान मिलेगी। इसी सोच के साथ बीते 12 वर्षों में रोजगार के हर रास्ते को मजबूत किया गया है।

प्रधानमंत्री मोदी बोले, पीएम विकसित भारत रोजगार मेला योजना, नए भारत की पहचान है। एक ऐसा भारत, जहां युवा को अवसर मिले, उद्योग को प्रोत्साहन मिले और रोजगार निर्माण एक राष्ट्रीय अभियान बन जाए। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार मेला योजना के सहयोग से अब तक करीब 70 लाख जॉब सृजित हुई हैं। करीब 70 लाख फर्स्ट टाइम एम्प्लाइज को सोशल सिक्योरिटी का कवच भी मिला है। करीब 20 लाख युवा अपनी पहली नौकरी के 6 महीने पूरे भी कर चुके हैं। आज इन्हीं में से करीब 10 लाख युवा साथियों को अपनी पहली नौकरी में 6 महीने पूरे करने पर इस योजना के लाभार्थी होने के नाते इंसेंटिव भी मिल चुका है। 2 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे उनके खाते तक पहुंच चुकी है। ये राशि सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं है, ये उनके परिश्रम को सम्मान है, ये उनके उज्ज्वल भविष्य पर देश के विश्वास की अभिव्यक्ति है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *