July 2, 2026

Hind foucs news

hindi new update

लालू और राबड़ी के करीबी पूर्व एमएलसी सुबोध राय को रांची पुलिस ने किया गिरफ्तार, अवैध शराब बनाकर सप्लाई का आरोप

रांची। झारखंड की राजधानी रांची में पुलिस ने पूर्व एमएलसी सुबोध राय को गिरफ्तार किया है। सुबोध राय को अवैध शराब बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सुबोध राय ने रांची के ओरमांझी में शराब का बॉटलिंग प्लांट बनाया था। इसे भी पुलिस ने सील कर दिया है। सुबोध राय को आरजेडी अध्यक्ष लालू यादव और उनकी पत्नी राबड़ी देवी का करीबी माना जाता है। रांची पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने सुबोध राय के अवैध शराब बॉटलिंग प्लांट तरंगिनी बॉटलर्स पर मंगलवार रात छापा मारा था।

रांची पुलिस ने अवैध शराब बनाने के मामले में सुबोध राय के बॉटलिंग प्लांट के मैनेजर और एक ट्रक ड्राइवर को भी गिरफ्तार किया। सुबोध राय समेत तीनों को जेल भेजा गया है। पुलिस और उत्पाद विभाग को पता चला कि सुबोध राय के तरंगिनी बॉटलर्स के पास दो तरह के शराब बनाने का लाइसेंस था। इसके बावजूद अलग-अलग ब्रांड की शराब भी अवैध तरीके से बनाकर सप्लाई की जा रही थी। जब पुलिस और उत्पाद विभाग ने बॉटलिंग प्लांट के गोदाम की तलाशी ली, तो वहां से 70 पेटी अवैध शराब मिली। जिन पर यूपी और दिल्ली में बेचने का स्टिकर लगा था। इससे साफ है कि सुबोध राय यूपी और दिल्ली में अवैध शराब की सप्लाई से जुड़े थे।

अब इसकी जांच हो रही कि सुबोध राय कितने वक्त से अवैध शराब बना रहे थे। इस नेटवर्क का पता भी पुलिस लगा रही है। सुबोध राय के बॉटलिंग प्लांट के दस्तावेज और अन्य चीजों की जांच भी हो रही है। झारखंड सरकार के उत्पाद विभाग की ओर से बताया गया है कि इस मामले में संलिप्त अन्य लोगों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। इससे साफ है कि मामले में अभी बड़ी कार्रवाई होनी है और उसमें कई और लोग भी जेल जा सकते हैं। अभी ये नहीं पता चला है कि क्या संबंधित विभाग के लोगों से मिलीभगत के तहत लालू और राबड़ी के करीबी सुबोध राय अवैध शराब बनाने और बेचने का काम कर रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *