हो गया तय! हेमंत सोरेन बनेंगे झारखंड के अगले मुख्यमंत्री, 28 नवंबर को लेंगे पद की शपथ
नई दिल्ली। झारखंड विधानसभा चुनाव में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली झारखंड मुक्ति मोर्चा को बंपर जीत मिली है। 81 सीटों वाली विधानसभा में जेएमएम नीत इंडिया गठबंधन ने 56 सीटों पर जीत दर्ज की है, जो बहुमत के आंकड़े 41 से 15 ज्यादा है। इस ऐतिहासिक जीत के बाद अब यह तय हो गया है कि झारखंड के नए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ही होंगे। उनका शपथ ग्रहण समारोह 28 नवंबर को होगा।
हेमंत सोरेन ने राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा
हेमंत सोरेन ने अपने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने राज्यपाल के समक्ष इंडिया गठबंधन की सरकार बनाने का दावा पेश किया। सोरेन ने कहा, “28 नवंबर को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा। हमने गठबंधन सरकार बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। कांग्रेस और राजद के वरिष्ठ नेता भी इस दौरान मौजूद थे।”
लगातार दूसरी बार बनेंगे मुख्यमंत्री
हेमंत सोरेन झारखंड के पहले ऐसे नेता बन गए हैं जो लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद संभालेंगे। इस जीत के बाद रांची की सड़कों पर पोस्टर लग गए, जिन पर लिखा था, “सबके दिलों पर छा गया, शेरदिल सोरेन फिर आ गया।” सोरेन ने झारखंड की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत उनकी मेहनत और जनता के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने जमीनी नेताओं का भी धन्यवाद किया जो जनता की आवाज को पार्टी तक लेकर आए। वहीं, विपक्षी भाजपा गठबंधन केवल 24 सीटों पर सिमट गया, जो बहुमत के लिए आवश्यक 41 सीटों से 13 कम है।
कांग्रेस नेताओं ने दी बधाई
चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री आवास में हेमंत सोरेन से मुलाकात की। झारखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा, “हमने पहले भी कहा था कि सरकार बनाएंगे और अब पूरे विश्वास के साथ एक बार फिर सरकार बनाने जा रहे हैं।”
वहीं, कांग्रेस पर्यवेक्षक तारिक अनवर ने कहा कि उन्हें इस जीत की उम्मीद थी।
शपथ ग्रहण की तैयारी शुरू
झारखंड में इंडिया गठबंधन की इस शानदार जीत के बाद शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां शुरू हो गई हैं। 28 नवंबर को झारखंड के लिए एक नया राजनीतिक अध्याय लिखा जाएगा।
