April 14, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान हिंसा की जैश ने रची साजिश!, नेपाल से तीन आतंकियों ने की है घुसपैठ

पटना। बिहार में जल्दी ही विधानसभा चुनाव होने हैं। बिहार विधानसभा चुनावों से ठीक पहले बड़े खतरे की जानकारी सामने आई है। बिहार पुलिस मुख्यालय को खुफिया इनपुट मिला है कि नेपाल के रास्ते राज्य में पाकिस्तानी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकी घुसपैठ में सफल हुए हैं। जैश के आतंकियों के बिहार में घुसने की खबर के बाद पुलिस मुख्यालय ने अलर्ट जारी किया है। बता दें कि बिहार में पहले पीएम नरेंद्र मोदी की जनसभा में बम धमाका भी हो चुका है। इसे ध्यान में रखकर सुरक्षा को चाक-चौबंद किया जा रहा है। आशंका है कि जैश-ए-मोहम्मद ने बिहार चुनाव के दौरान हिंसा की साजिश रची है।

दरअसल, एलओसी और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भारतीय सेना और बीएसएफ ने चौकसी बहुत कड़ी कर रखी है। गुरेज सेक्टर में गुरुवार को ही घुसपैठ की कोशिश करने वाले 2 आतंकियों को सेना ने ढेर किया है। माना जा रहा है कि एलओसी पर कड़ी सुरक्षा की वजह से पाकिस्तान से आतंकी घुसपैठ नहीं कर पा रहे। ऐसे में जैश-ए-मोहम्मद ने नेपाल के रास्ते भारत में आतंकियों को घुसाने का खेल शुरू किया है। भारत और नेपाल के बीच सीमा खुली है। यहां एसएसबी के जवान तो तैनात रहते हैं, लेकिन हर जगह चौकसी न होने के कारण घुसपैठ की आशंका हमेशा ही रहती है।

जैश-ए-मोहम्मद के चीफ मौलाना मसूद अजहर ने ऑपरेशन सिंदूर में बहावलपुर में अपने मुख्यालय के ध्वस्त होने और परिवार के लोगों की मौत पर बदला लेने का ऑडियो जारी किया था। ऐसे में इसकी आशंका है कि भारत में खून-खराबा करने के इरादे से उसने नेपाल के रास्ते जैश के आतंकियों को भारत भेजने की नई चाल चली हो। फिलहाल बिहार पुलिस सतर्क है। जैश आतंकियों की पहचान होने से उनको पकड़े जाने की संभावना बढ़ गई है। पुलिस और बिहार एसटीएफ चौकसी बरत रहे हैं। ताकि जैश के इन आतंकियों को हिंसा की किसी घटना से पहले ही पकड़ा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *