‘पीओके अलग देश…भारत का उससे कोई लेना-देना नहीं’, उमर अब्दुल्ला की नेशनल कॉन्फ्रेंस के सांसद चौधरी मोहम्मद रमजान ने दिया ये कैसा बयान!
नई दिल्ली। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) के बारे में फारुक और उमर अब्दुल्ला की पार्टी नेशनल कॉन्फ्रेंस के सांसद चौधरी मोहम्मद रमजान ने विवाद पैदा करने वाला अजब-गजब बयान दिया है। नेशनल कॉन्फ्रेंस के सांसद ने दिल्ली में कहा कि पीओके एक अलग देश है। भारत का उससे कोई लेना-देना नहीं है। नेशनल कॉन्फ्रेंस के सांसद का ये विवाद पैदा करने वाला बयान जम्मू-कश्मीर से संबंधित संविधान के अनुच्छेद 370 को रद्द किए जाने की सातवीं वर्षगांठ पर आया है। मोदी सरकार ने 5 अगस्त 2019 को अनुच्छेद 370 को संसद में प्रस्ताव लाकर रद्द कराया था।
नेशनल कॉन्फ्रेंस सांसद चौधरी मोहम्मद रमजान ने कहा कि पीओके मामलों को पाकिस्तान सरकार देखेगी। उन्होंने कहा कि मैं पीओके के लोगों की परेशानियों पर बात नहीं करूंगा। क्योंकि वहां के लोगों ने भारत की संसद में नहीं भेजा है। सांसद यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि पीओके की हमें परवाह नहीं है। ये अलग देश है। ये दूसरे देश का हिस्सा है। नेशनल कॉन्फ्रेंस सांसद का ये बयान सियासत में बवंडर पैदा करने वाला है। क्योंकि भारत की संसद ने प्रस्ताव तक पारित कर रखा है कि अधिकृत कश्मीर से पाकिस्तान का अवैध कब्जा खत्म कराया जाएगा।
बता दें कि 1948 में पाकिस्तान ने पूरे जम्मू-कश्मीर पर कब्जे की कोशिश की थी। तब उसने कबायलियों के वेश में अपनी सेना को जम्मू-कश्मीर भेजा था। जम्मू-कश्मीर के तत्कालीन महाराजा हरि सिंह ने अपने राज्य को खतरा देख भारत में विलय को मंजूरी दी। जिसके बाद भारतीय सेना जम्मू-कश्मीर पहुंची और उसने आक्रांताओं को मार भगाना शुरू किया। इसी दौरान तब पीएम रहे जवाहरलाल नेहरू इस मामले को संयुक्त राष्ट्र ले गए। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने इस पर दोनों तरफ की सेनाओं को अपने कब्जे तक की जमीन से आगे न बढ़ने को कहा। जिसके बाद से कश्मीर के एक हिस्से पर पाकिस्तान ने अवैध कब्जा कर रखा है। वहां इन दिनों आम लोगों और पाकिस्तानी सेना के बीच जमकर टकराव भी हो रहा है। जिसमें दर्जनों लोगों की जान गई है।
