मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर में चढ़ावे और दान का होगा विशेष ऑडिट, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे का आदेश
नई दिल्ली। महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर में चढ़ावे और दान के ऑडिट का आदेश दिया है। दरअसल महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) अध्यक्ष राज ठाकरे ने सिद्धिविनायक मंदिर में चढ़ावे और दान की चोरी के आरोप लगाए थे, इसी वजह से डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने ऑडिट का आदेश दिया है। मंदिर में पिछले पांच सालों में आए चढ़ावे, दान, नकदी गहनों और अन्य बहमूल्य वस्तुओं का विशेष ऑडिट कराया जाएगा। प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव असीम गुप्ता को ऑडिट कराने और डिटेल रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सदा सरवनकर ने इस मुद्दे पर बातचीत के लिए उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मंगलवार को मुलाकात की थी। अगर ऑडिट जांच में कोई वित्तीय अनियमितता पाई जाती है तो जो भी जिम्मेदार होंगे उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सिद्धिविनायक मंदिर देश के सबसे प्रतिष्ठित मंदिरों में आता है और यहां पर हर साल बहुत बड़ी मात्रा में श्रद्धालु चढ़ावा चढ़ाते हैं। देश ही नहीं विदेश से भी श्रद्धालु सिद्धिविनायक मंदिर में माथा टेककर भगवान गणपति का आशीर्वाद लेने आते हैं। एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे ने पिछले सप्ताह अपनी पार्टी के एक कार्यक्रम के दौरान यह दावा किया था कि सिद्धिविनायक मंदिर में हर साल करोड़ों रुपए के दान की चोरी हो रही है।
आपको बता दें कि अयोध्या स्थित राम मंदिर से चंदा चोरी होने का मामला सामने आने के बाद देशभर के कई मंदिरों में चढ़ावे को लेकर ऐसी आशंका जताई जा रही है। अभी हाल ही में उत्तराखंड के बदरीनाथ धाम से भी दान की रकम चोरी करने का मामला सामने आया है। उत्तराखंड पुलिस ने आरोपी प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार कर लिया था और उसने अपना अपराध कबूल कर लिया है। पिछले दिनों पुलिस ने उसके घर से चांदी के सिक्के, गहने और कैश बरामद किया था। प्रमोद नौटियाल बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के चेयरमैन के पर्सनल असिस्टेंट के पद पर कार्यरत था।
