August 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

मनुस्मृति को जानना है तो…राहुल गांधी पर योगी आदित्यनाथ का पलटवार

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रायबरेली में एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के स्थानीय सांसद राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। योगी ने राहुल गांधी के मनुस्मृति पर दिए हालिया बयान का जिक्र करते हुए उन पर पलटवार किया। योगी बोले, राहुल गांधी मनु पर या राम पर या भारत की विरासत पर टिप्पणी करते हैं, अगर मनु को जानना है तो आप अथर्ववेद पढ़िए, मत्स्य पुराण पढ़िए, आपको सारी जानकारियां मिल जाएंगी। योगी ने इसके साथ ही अयोध्या में मछली खाने को लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को भी निशाने पर लिया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इन लोगों के सामने गिरगिट भी शरमा जाता है।

योगी ने कहा कि मैं पिछले दिनों रायबरेली के सांसद राहुल गांधी के बयान को पढ़ रहा था, उन्होंने महाराष्ट्र में एक बयान दिया था कि महिलाएं मनुस्मृति के बंधन को तोड़कर अब बाहर आ जाएं। राहुल गांधी के रूप में आपसे यह देश बहुत अपेक्षा नहीं करता है, लेकिन भारत की संसद में नेता प्रतिपक्ष के रूप में आपको देश के लोकतंत्र के प्रति जवाबदेही बनाता है। संविधान की शपथ लेकर आप भारत की परंपरा को, विरासत को कोसना अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं। आप उत्तर प्रदेश के बाहर जाते हैं तो यूपी को अपमानित करते हैं। भारत के बाहर जाते हैं तो भारत का अपमान करते हैं। भारत की सीमा पर सीमाओं पर दुश्मनों के खिलाफ लड़ती है तो आप सेना के जवानों से प्रमाण मांगते हैं। आतंकवाद के खिलाफ देश की लड़ाई में देशद्रोही तत्वों को आप प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से प्रोत्साहित करते हैं। अयोध्या में प्रभु श्री राम के अस्तित्व पर आपकी पार्टी कांग्रेस प्रश्न खड़ा करती है और लोकतंत्र के प्रति आपकी निष्ठा क्या है, यह तो इस देश ने 1975 में आपातकाल के काले साए को देखा है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा, आपने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का आचरण देखा होगा, वो अयोध्या में हनुमानगढ़ी में दर्शन करने जाते हैं लेकिन बाद में बाहर मछली की दावत उड़ाते हैं, राम-राम चिल्लाते हैं। बेशर्मी की भी एक सीमा होती है। जो खाना था वो अयोध्या के बाहर जाकर खा लेते। यह इनका दोहरा चरित्र है। इनके सामने गिरगिट भी शरमा जाता होगा कि मनुष्य के रूप में हमारी कौन सी प्रजाति हो गई है जो मंदिर में राम-राम चिल्ला रहे हैं, बजरंगबली के सामने दंडवत होने का ढोंग कर रहे हैं लेकिन बाहर जाकर मछली की दावत उड़ा रहे हैं। योगी ने कहा कि अजय राय के भाई की एक माफिया ने हत्या की थी मगर यह व्यक्ति उस माफिया के खिलाफ बयान देने नहीं गया था। अपने भाई के हत्यारे के सामने यह व्यक्ति घुटने टेककर नतमस्तक हो गया था। वो तो बीजेपी सरकार आई तो फिर उस माफिया को रगड़कर उसकी भूंसी निकाल दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *