April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

जंतर-मंतर पर होने वाली अरविंद केजरीवाल की जनता अदालत पर भड़की कांग्रेस

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी आगामी 22 सितंबर को दिल्ली जंतर मंतर पर जनता की अदालत लगाने जा रही है। इसमें पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल लोगों को संबोधित करेंगे। आम आदमी पार्टी और केजरीवाल की इस जनता की अदालत को लेकर कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस के पूर्व सांसद संदीप दीक्षित ने दिल्ली के पूर्व सीएम को निशाने पर लेते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल, आप पिछले 10 साल से क्या कर रहे थे? अब आप को 10 साल बाद जनता की अदालत लगाने की क्या जरूरत है?

संदीप दीक्षित ने कहा कि केजरीवाल मुख्यमंत्री थे, दिल्ली में आप के विधायक और पार्षद बने हुए हैं। इन 10 में सालों से आप आम लोगों से जुड़ नहीं पाई, संवाद नहीं कर पाई। ये राजनीतिक बैठक इसलिए हो रही है क्योंकि चुनाव नजदीक आ रहे हैं। आम आदमी पार्टी की हालत खराब है इसलिए ‘जनता की अदालत’ जैसे बड़े शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

दीक्षित ने कहा कि आप वो काम करिए जिसके लिए जनता ने आपको चुना है। अब आप को 10 साल बाद जनता की अदालत लगाने की क्या जरूरत है, क्या इनको दिल्ली की जनता की समस्याओं की समझ नहीं है? यह इस बात का प्रमाण है कि केजरीवाल और आम आदमी पार्टी का न तो दिल्ली की जनता से कोई संवाद है और न ही इनको जनता की भावनाओं की समझ है।

तिरुपति मंदिर प्रसादम विवाद पर कांग्रेस के पूर्व सांसद ने कहा कि यह मामला बहुत गंभीर है। सरकार को इस मामले की पूरी गंभीरता से जांच करानी चाहिए। कुछ और लैब में इसकी जांच होनी चाहिए। तिरुपति के लड्डू पूरे देश में प्रसिद्ध हैं, हर कोई इसका सेवन करता है। यह आस्था से जुड़ा मामला है, मैं चाहता हूं कि इसकी सही तरीके से जांच हो। इस पूरे मामले की सच्चाई सामने आना बहुत जरूरी है।