September 14, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दिल्ली में जिम ट्रेनर की दिनदहाड़े हत्या, बदमाशों ने 10-12 राउंड गोलीबारी कर मौत के घाट उतारा

नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के आया नगर इलाके में एक जिम ट्रेनर की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। दो बदमाशों ने सरेआम बीच सड़क पर 10-12 राउंड फायरिंग की। गोलियां लगने से जिम ट्रेनर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान विजय के रूप में हुई है। जिम ट्रेनर की हत्या के बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। अचानक सड़क पर गोलियों की आवाज सुनकर लोग डर गए और इधर-उधर भागने लगे। हत्या की वजह का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

हत्यारों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस के द्वारा खंगाली जा रही है। संभावना जताई जा रही है कि आपसी रंजिश के चलते इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावर पहले से ही घात लगाए हुए थे। विजय के जिम के बाहर निकलने के बाद हमलावरों ने उसके ऊपर ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी और मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों और आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है।

पुलिस ने फिलहाल घटना को लेकर कोई स्टेटमेंट जारी नहीं किया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही इस हत्याकांड के पीछे की असल वजह सामने आएगी। वहीं दिनदहाड़े मर्डर से घटनास्थल के आसपास के दुकानदार और लोग सकते में हैं। पुलिस ने वहां पर सुरक्षाकर्मियों को तैनात कर दिया है। मृतक जिम ट्रेनर विजय के बारे में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है। पुलिस आपसी रंजिश के एंगल से मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या मृतक का किसी से कोई विवाद या दुश्मनी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *