दिल्ली

पाकिस्तान नेवी का जहाज भारतीय नौसेना के युद्धपोत से टकराया, भारत ने दर्ज कराया विरोध

शेयर करें:

नई दिल्ली। पाकिस्तानी नेवी की खतरनाक हरकत से उसका एक जहाज अंतरराष्ट्रीय समुद्र में मुड़ते वक्त भारतीय नौसेना के युद्धपोत से टकरा गया। उत्तरी अरब सागर में हुई इस टक्कर से भारतीय नौसेना के युद्धपोत को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान नेवी का जहाज खतरनाक तरीके से मुड़ा और सामने भारतीय नौसेना के युद्धपोत से टकराया। ये घटना मंगलवार शाम हुई। भारत ने इस मामले को गंभीरता से लिया और पाकिस्तान से विरोध दर्ज कराया है।

विदेश मंत्रालय ने दिल्ली में पाकिस्तानी उच्चायोग के चार्ज द अफेयर्स को बुधवार को तलब कर इस घटना की गंभीरता बताई। साथ ही कहा कि वो अपने देश के संबंधित अफसरों को बताएं कि भविष्य में इस तरह की गंभीर घटना न हो। इस्लामाबाद में भारत के चार्ज द अफेयर्स से भी कहा गया है कि वो पाकिस्तान विदेश मंत्रालय से विरोध जताएं। भारत ने कहा है कि पाकिस्तान नेवी का ये व्यवहार दोनों देशों के बीच 1991 में हुए समझौते का उल्लंघन है। भारत और पाकिस्तान ने अप्रैल 1991 में सैन्य अभ्यास, गतिविधि और सैनिक आवाजाही की अग्रिम सूचना देने पर समझौता किया था।

भारत और पाकिस्तान के बीच हुए समझौते की धारा 10 में सैन्य अभ्यास या गतिविधि के दौरान सावधानी बरते जाने और नियमों के पालन के बारे में कहा गया है। भारत ने पाकिस्तान नेवी के जहाज के खतरनाक टर्न लेने को समझौते की इस धारा के खिलाफ माना है। भारत ने पाकिस्तान से दो टूक कहा है कि दोनों देशों की सभी सैन्य इकाइयों को सावधानी और समझौतों का पालन करना चाहिए। अंतरराष्ट्रीय समुद्र में हुई घटना पाकिस्तानी सेना के अनुशासन पर भी सवाल खड़े करने वाली है। खबर लिखे जाने तक पाकिस्तान ने इस बारे में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी। बता दें कि दोनों देशों के बीच तनाव है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की सैन्य प्रतिक्रिया में पाकिस्तान की सेना बुरी तरह पिटी थी। पाकिस्तान इतना डर गया था कि उसकी नेवी के युद्धपोत और पनडुब्बियां कराची बंदरगाह से बाहर ही नहीं निकली थीं।

Ad Zone: in_content

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें