September 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पीएम मोदी को राष्ट्रपति पुतिन ने किया बर्थडे विश, वैश्विक मंच पर भारतीय प्रधानमंत्री के बढ़ते रुतबे को सराहा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उन्हें बधाई दी है। पुतिन ने अपने दोस्त मोदी की प्रशंसा करते हुए वैश्विक मंच पर उनके बढ़ते प्रभाव और भारतवासियों में उनकी लोकप्रियता का भी जिक्र किया। पुतिन ने ब्रिक्स समिट के दौरान मेहमाननवाजी के लिए मोदी का आभार जताया। उन्होंने मोदी की असाधारण राजनीतिक समझ और दूरदर्शिता को भी सराहा। इसके साथ ही भारत-रूस द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ अन्य मित्र देशों के लाभ के लिए अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर आपसी रचनात्मक सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।

भारत में रूसी दूतावास ने राष्ट्रपति पुतिन का पीएम मोदी के लिए संदेश साझा किया है। इसमें पुतिन की ओर से मोदी के लिए लिखा गया है कि आपको अपने देशवासियों का गहरा सम्मान और वैश्विक मंच पर बड़ा रुतबा हासिल है और यह बिल्कुल सही भी है। भारत और रूस के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में आपके व्यक्तिगत योगदान को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। पिछले हफ्ते ब्रिक्स समिट के दौरान नई दिल्ली की मेरी यात्रा के दौरान मुझे और रूसी प्रतिनिधिमंडल को मिले गर्मजोशी भरे स्वागत और मेहमाननवाजी के लिए मैं आभार व्यक्त करना चाहता हूं। हमारे तमाम मुद्दों पर निस्संदेह खुलकर बातचीत की जो ठोस और सार्थक रही। हमेशा की तरह, आपसे मिलकर और बात करके बहुत खुशी हुई। हमारी चर्चाओं ने एक बार फिर आपकी असाधारण राजनीतिक समझ और दूरदर्शिता को साबित किया। हम निश्चित रूप से अपने मित्र देशों के लाभ के लिए अहम द्विपक्षीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर अपना रचनात्मक सहयोग जारी रखेंगे।

रूसी राष्ट्रपति के द्वारा पीएम मोदी के वैश्विक रुतबे की प्रशंसा करना कहीं न कहीं अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को चुभ सकता है। ट्रंप को वैसे भी भारत और रूस की दोस्ती पसंद नहीं है। अमेरिका चाहता है कि भारत रूस से कच्चा तेल खरीदना बंद कर दे। इसके लिए ट्रंप तमाम तरह के हथकंडे भी अपना रहे हैं। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने लिंडसे ग्राहम बिल को मंजूरी दे दी है जिसमें रूस से कच्चा तेल खरीदने वाले देशों पर 100 फीसदी तक टैरिफ लगाए जाने का प्रावधान है। हालांकि भारत ने स्पष्ट कर दिया है कि अपने 140 करोड़ लोगों की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वो प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *