March 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दुनिया का सबसे महंगा तलाक, दुबई के शेख को जो रकम देनी है उसे सुनकर आप चौंक जाएंगे

दुबई। दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल-मकतूम को अपनी पत्नी राजकुमारी हया से तलाक लेने के एवज में दुनिया में अब तक हुए तलाक के मामलों में सबसे ज्यादा गुजारा भत्ता देना पड़ रहा है। शेख मकतूम को अपनी तलाकशुदा पत्नी को 554 मिलियन पाउंड यानी करीब 5500 करोड़ रुपए देने होंगे। ब्रिटिश हाईकोर्ट ने इसका आदेश दिया है। कोर्ट के मुताबिक शेख मकतूम को ये रकम तलाक और बच्चों के सुरक्षित भविष्य की वजह से देना होगा। राजकुमारी हया फिलहाल ब्रिटेन में ही रह रही हैं। वो जॉर्डन के शासक रहे किंग हुसैन की बेटी हैं। हया से पहले शेख मकतूम की बेटी राजकुमारी लतीफा भी चर्चा में रही थीं। लतीफा का एक वीडियो आया था। जिसमें वो अपने पिता पर बंधक बनाने का आरोप लगा रही थीं।

ब्रिटिश हाईकोर्ट के जज फिलिप मूर ने शेख और हया के तलाक के मामले में मंगलवार को फैसला सुनाया। शेख मकतूम की ओर से 251.5 मिलियन पाउंड यानी करीब 2500 करोड़ रुपए की रकम तुरंत राजकुमारी हया को दिए जाएंगे। उनके दोनों बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए 290 मिलियना पाउंड यानी करीब 2900 करोड़ रुपए बैंक में रखे जाएंगे। इसके अलावा बड़े होने पर बच्चों को हर साल 11.2 मिलियन पाउंड दिए जाएंगे। ये रकम करीब 112 करोड़ रुपए जितनी होती है।

राजकुमारी हया, शेख मकतूम की छठी पत्नी थीं। हया ने ऑक्‍सफोर्ड यूनिवर्सिटी से राजनीति, दर्शनशास्‍त्र और अर्थशास्‍त्र में पढ़ाई की। उन्होंने साल 2004 में शेख मकतूम से निकाह किया था। फिर साल 2019 में अचानक हया ने दुबई छोड़ दिया और ब्रिटेन चली गईं। इसके बाद उन्होंने शेख पर कई आरोप लगाए और अपनी जान का खतरा बताया था। तलाक के एवज में हया ने करीब 14000 करोड़ की रकम की मांग की थी, लेकिन ब्रिटिश हाईकोर्ट ने इस मांग को नहीं माना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *