February 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

CM योगी के खिलाफ चुनावी मैदान में उतरेंगे भीम आर्मी चीफ, क्या दे पाएंगे टक्कर

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के साथ ही राज्य में सियासी पारा लगातार बढ़ता जा रहा है। तमाम सियासी दल यूपी में जीत का परचम लहराने के लिए एक दूसरे पर तीखे प्रहार कर रहे हैं। यूपी की सत्ता में दोबारा वापसी का रास्ता खोज रहे सपा प्रमुख अखिलेश यादव योगी सरकार पर हमला करने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। वहीं, चुनाव जैसे-जैसे करीब आ रहा है, वैसे-वैसे सभी दल अपने-अपने उम्मीदवारों की लिस्ट भी जारी कर रहे हैं। हाल ही भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की सूची कर दी थी। इसके साथ सीएम योगी आदित्यनाथ को लेकर जारी सस्पेंस भी खत्म हो गया था। आखिरकार पार्टी ने उन्हें गोरखपुर सदर सीट से चुनावी मैदान में उतारने का निर्णय लिया। जिसके बाद अब भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद ने आज एक बड़ा ऐलान किया है।

दरअसल, सीएम योगी के खिलाफ चंद्रशेखर आजाद ने चुनावी मैदान में उतरने का ऐलान किया है। चंद्रशेखर ने घोषणा की है कि वह गोरखपुर सदर सीट से सीएम योगी आदित्यनाथ के खिलाफ विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। बता दें कि कुछ दिनों पहले चंद्रशेखर आजाद ने सपा को झटका देते हुए यूपी में अकेले ही चुनाव लड़ने का फैसला लिया था। लेकिन सवाल ये है कि क्या चुनावी मैदान में चंद्रशेखर आजाद सीएम योगी को टक्कर दे पाएंगे? क्या चंद्रशेखर आजाद के गोरखपुर सदर सीट से चुनाव लड़ने से भाजपा को कोई नुकसान होगा?

तो आइए, बताते चले कि चंद्रशेखर आजाद के लिए इस सीट से विजयी पताका फहराना थोड़ा मुश्किल जरूर है, क्योंकि गोरखपुर सदर सीट पर बीते 33 साल से भाजपा का कब्जा है। जानकारी के अनुसार, मौजूदा समय में गोरखपुर सदर सीट पर करीब साढ़े चार लाख मतदाता हैं। इनमें करीब ढाई पुरुष और करीब दो लाख महिलाएं शामिल हैं। जातीय समीकरण की बात की जाए तो इस सीट पर करीब 45 हजार से अधिक कायस्थ मतदाता हैं, जबकि 60 हजार ब्राह्मण हैं। यहां 15 हजार क्षत्रिय और 30 हजार के लगभग मुस्लिम मतदाता हैं। इसके अलावा वैश्य मतदाताओं की संख्या भी 50 हजार से ज्यादा है। निषाद 35 हजार, दलित 20 हजार तो यादव 15 हजार बताए जाते हैं।

बता दें कि उत्तर प्रदेश में सात चरणों में विधानसभा के चुनाव होने हैं। पहले चरण का मतदान 10 फरवरी को होगा। जबकि 14 फरवरी को दूसरे का चरण का मतदान डाले जाएंगे। इसके अलावा 20 फरवरी को तीसरे चरण, 23 फरवरी को चौथे चरण, 27 फरवरी को पांचवें चरण, तीन मार्च को छठे चरण और सात मार्च को सातवें और आखिरी चरण का वोटिंग होगी। वहीं 10 मार्च को चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे।

 

 

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed