April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

टिकट मिलने के बाद दूसरे दलों में भाग रहे कांग्रेस के उम्मीदवार

लखनऊ। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी यूपी में पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए घोषणाओं का अंबार लगा रही हैं और महिलाओं को आगे बढ़ाने की बात कह रही हैं। बावजूद इसके कांग्रेस से नेताओं का मोहभंग हो रहा है। पिछले 1 हफ्ते में 3 बड़े नेता पार्टी का साथ छोड़ चुके हैं। खास बात ये कि कांग्रेस ने इन नेताओं को उम्मीदवार भी घोषित किया था, लेकिन इन नेताओं ने कांग्रेस की ओर से चुनाव में उतरने की जगह दूसरा रास्ता चुनना ज्यादा बेहतर समझा। ऐसे में यूपी में कांग्रेस को फिर से जीवन देने की प्रियंका की कोशिश को झटका लग रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में और भी नेता कांग्रेस का साथ छोड़ सकते हैं।

जिन तीन नेताओं ने कांग्रेस का दामन छोड़ दिया, वे सभी यूपी के रुहेलखंड इलाके से आते हैं। इनमें से एक हैं यूसुफ अली। कांग्रेस ने यूसुफ को चमरौआ सीट से टिकट दिया था, लेकिन वो कांग्रेस से अलग हो गए। वहीं, बरेली से कांग्रेस की उम्मीदवार और पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन ने भी सपा का दामन थाम लिया। सुप्रिया के साथ उनके पति और कांग्रेस के पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन भी सपा के पाले में जाकर खड़े हो गए। कांग्रेस ने रामपुर नवाब खानदान के चश्मोचिराग हैदर अली उर्फ हमजा मियां को स्वार सीट से टिकट देने का एलान किया, तो उन्होंने भी कांग्रेस छोड़कर एनडीए की घटक अपना दल ज्वॉइन कर लिया। ऐसे में कांग्रेस अब परेशान है कि वो करे तो क्या करे।

इससे पहले प्रियंका के महिला एजेंडे को तब जोर का झटका लगा था, जब उनकी पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्य ने बीजेपी ज्वॉइन कर ली थी। प्रियंका ने आरोप लगाया था कि उन्हें टिकट देने के लिए संदीप सिंह ने घूस मांगी। संदीप सिंह, प्रियंका गांधी के निजी सचिव हैं। प्रियंका मौर्य ने इसके अलावा कांग्रेस में अपनी बेइज्जती और कार्यकर्ताओं की पूछ न होने का भी आरोप लगाया था और अब वो घूम-घूमकर बीजेपी के लिए प्रचार कर रही हैं।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *