March 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

यूएई में गिरफ्तार हुआ मोस्ट वांटेड आतंकी अबु बक्र, मुंबई धमाकों से है कनेक्शन

दुबई। भारतीय जांच एजेंसियों के अनुरोध पर यूएई सरकार ने मोस्ट वांटेड आतंकी अबु बक्र को गिरफ्तार कर लिया है। उसे जल्दी ही भारत प्रत्यर्पित किया जाएगा। अबु बक्र साल 1993 में मुंबई में हुए सीरियल ब्लास्ट का आरोपी है। वो अब्दुल गफूर शेख और मुस्तफा दोसा के साथ मिलकर तस्करी के काम भी करता रहा है। अबु बक्र खाड़ी देशों से सोना, कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी छिपे भारत भेजता था। 1997 में उसके खिलाफ सीबीआई ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। उसके बाद ही अबु बक्र की तलाश हो रही थी। अब वो यूएई में मिला है।

मुंबई में 12 मार्च 1993 को कई जगह बम धमाके हुए थे। पहला धमाका बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज की बिल्डिंग में हुआ था। इसके बाद कुछ दूर एयर इंडिया दफ्तर की पार्किंग में भी बम फटा था। इन धमाकों से 257 लोगों की मौत हुई थी और 700 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। बम धमाकों से 27 करोड़ रुपए की संपत्ति का नुकसान भी हुआ था। इन ब्लास्ट में अंतरराष्ट्रीय आतंकी घोषित दाऊद इब्राहिम का हाथ था। सारे आतंकियों की ट्रेनिंग और आरडीएक्स की सप्लाई पाकिस्तान ने की थी। धमाकों में शामिल रहे अबू सलेम को भी गिरफ्तार कर विदेश से लाया गया था।

यूएई में गिरफ्तार अबु बक्र को दाऊद इब्राहिम का खास माना जाता है। मुंबई ब्लास्ट के बाद वो दाऊद के साथ पाकिस्तान चला गया था। वहां से बाद में अबु बक्र यूएई चला गया। यूएई में साल 2019 में भी अबु बक्र को पकड़ा गया था। तब जांच एजेंसियां उस पर आरोप साबित नहीं कर सकी थीं। इस वजह से उसे रिहा कर दिया गया था। अबु बक्र पर आरोप है कि मुंबई धमाकों के लिए पाकिस्तान से वो बड़ी तादाद में आरडीएक्स लाया था। वो कश्मीरी आतंकियों को हथियार सप्लाई करने के काम से भी जुड़ा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *