तेलंगाना के CM चंद्रशेखर राव ने मिलाए राहुल गांधी के सुर में सुर, बोले- सर्जिकल स्ट्राइक पर सबूत मांगना गलत नहीं
नई दिल्ली। तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव लगातार बीजेपी पर हमलावर रहते हैं। एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ कड़ा रूख अखतियार करते हुए तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने आरोप लगाया है कि भाजपा सर्जिकल स्ट्राइक का इस्तेमाल कर चुनावी राज्यों में मतदाताओं को अपने पक्ष में कर रही है। इसके आगे चंद्रशेखर राव ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के सर्जिकल स्ट्राइक पर उठाए गए सवालों को सही करार देते हुए कहा कि राहुल गांधी ने जो सबूत मांगे हैं वह गलत नहीं है।
भारतीय जनता पार्टी पर हमला करते हुए सीएम चंद्रशेखर राव ने कहा कि बीजेपी हमेशा गलत प्रचार करती है। पार्टी सर्जिकल स्ट्राइक का इस्तेमाल चुनावी राज्यों में मतदाताओं को लुभाने के लिए कर रही है। आगे चंद्रशेखर राव ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सर्जिकल स्ट्राइक पर जो सवाल उठाए हैं वो सही हैं। राहुल गांधी के सवालों में कुछ भी गलत नहीं है। मैं भी भारत सरकार से यही पूछ रहा हूं।
केसीआर के बयान का हिमंत बिस्व ने किया विरोध
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के सर्जिकल स्ट्राइक पर उठाए गए सवाल पर अब असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा की प्रतिक्रिया सामने आई है। हिमंत बिस्व सरमा ने कहा है कि पुलवामा हमले की बरसी के मौके पर विपक्ष की ओर से सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाकर शहीदों का अपमान किया गया है। गांधी परिवार के प्रति अपनी वफादारी साबित करने के प्रयास में उन्होंने सेना को धोखा देने का काम किया है। सेना के साथ मेरी वफादारी है। जीवन भर मुझे गाली दो, मुझे परवाह नहीं है।
