March 10, 2026

Hind foucs news

hindi new update

Action: मोदी सरकार का चीन पर एक और वार, रूप बदलकर आए इन 54 App को किया बैन

नई दिल्ली। मोदी सरकार ने चीन पर एक और वार करते हुए वहां के 54 एप बैन करने का आदेश दिया है। मोदी सरकार के मुताबिक ये एप भारतीयों की सुरक्षा और निजता का उल्लंघन करते हैं। ये जानकारी अंग्रेजी अखबार द इकोनॉमिक टाइम्स ने सूत्रों के हवाले से दी है। सूत्रों के मुताबिक बैन किए गए एप चीन की कंपनी टेनसेंट, अलीबाबा और गेम तैयार करने वाली नेटईज के हैं। पहले बैन किए गए एप्स के ये नए अवतार थे। इसी वजह से सरकार ने फिर इन्हें बैन करने का ताजा आदेश दिया है। इससे चीन के साथ भारत की तनातनी और बढ़ने के भी आसार हैं।

सरकार की ओर से इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय ने बैन का आदेश जारी किया है। मंत्रालय के मुताबिक भारतीयों के संवेदनशील डेटा इन एप्स के जरिए चीन और अन्य देशों तक पहुंच रहे थे। मंत्रालय ने गूगल को प्लेस्टोर और एपल को अपने एप स्टोर पर इन एप्स को बंद करने का आदेश दिया। गूगल ने सभी एप को भारतीयों के लिए बंद भी कर दिया है। सरकार ने ये कार्रवाई आईटी एक्ट 2000 की धारा 69ए के तहत की है। आने वाले दिनों में और भी एप को बैन करने का आदेश जारी होने की बात कही जा रही है।

मोदी सरकार ने इससे पहले जून 2020 में चीन से तनातनी बढ़ने के बाद से 224 एप्स को बैन किया था। पहली बार सरकार ने 59 एप पर रोक लगाई थी। इनमें टिकटॉक, शेयरइट, वीचैट, हेलो, लाइकी, यूसी न्यूज, बिगो लाइव, यूसी ब्राउजर, ईएस फाइल एक्सप्लोरर और एमआई कम्युनिटी जैसे एप्स भी थे। उसी साल नवंबर में स्नैक वीडियो, अली एक्सप्रेस और अलीपे कैशियर समेत 43 अन्य चीनी एप्स को बैन किया गया था। वहीं, सितंबर में मोदी सरकार ने चीन में बने 118 और एप्स पर बैन लगाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *