March 13, 2026

Hind foucs news

hindi new update

Ukraine Crisis: अमेरिका ने अब रूस पर सेना और बढ़ाने का लगाया आरोप, कहा- कभी भी हमला संभव

कीव। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध की आशंका अभी खत्म नहीं हुई है। अमेरिका ने अब रूस पर सेना की वापसी के बारे में झूठ बोलने का आरोप लगाया है। उसने कहा है कि रूस सेना हटा नहीं रहा, उनकी तादाद और बढ़ा रहा है। अमेरिका ने कहा है कि रूस अब यूक्रेन पर कभी भी हमला कर सकता है। इससे पहले अमेरिका ने कहा था कि बुधवार सुबह साढ़े 5 बजे यूक्रेन पर रूस का हमला होगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। फिर रूस ने एलान किया कि बेलारूस और यूक्रेन की सीमा पर जारी उसकी सेनाओं का युद्धाभ्यास खत्म हो चुका है और सैनिक अपने शिविर वापस लौट रहे हैं। रूस के इसी दावे को अमेरिका ने झुठला दिया है।

व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव जेन साकी ने मीडिया के सवालों के जवाब में कहा कि राष्ट्रपति जो बाइडेन ने उप राष्ट्रपति कमला हैरिस और विदेश मंत्री टोनी ब्लिंकेन को म्यूनिख में हो रहे सुरक्षा सम्मेलन में शिरकत करने के लिए भेजा है। साकी ने कहा कि दोनों अमेरिकी नेता दूसरे देशों को मॉस्को के खिलाफ एकजुट करने की कोशिश करने गए हैं। साकी ने ये आशंका जताई कि हालात ऐसे हैं कि रूस कभी भी यूक्रेन पर हमला कर सकता है। उधर, रूस ने अंतरराष्ट्रीय मीडिया पर तंज कसते हुए युद्ध की आशंकाओं को गलत बताया है। रूसी विदेश मंत्रालय ने मीडिया के बारे में कहा कि अगर उन्हें पता है कि अगले एक साल में रूस कब-कब यूक्रेन पर हमला कर सकता है, तो इसकी जानकारी हमसे भी साझा कर दें। ताकि हम अपने स्टाफ की छुट्टियों को नियंत्रित कर सकें।

दरअसल, सारा मसला ये है कि पहले सोवियत संघ का हिस्सा रहा यूक्रेन अब अमेरिका नीत नाटो के करीब आ रहा है। वो नाटो की सदस्यता लेना चाहता है, लेकिन रूस उसे ऐसा न करने के लिए मना कर रहा है। रूस पहले भी यूक्रेन के क्रीमिया इलाके पर जबरन कब्जा कर चुका है। रूस का कहना है कि यूक्रेन अगर नाटो का हिस्सा बना, तो उसकी सुरक्षा को खतरा हो जाएगा। रूस ने यूक्रेन की सीमा और बेलारूस में अपने 130000 जवान और बड़ी तादाद में हथियार भी इकट्ठा किए हैं। इसे वो युद्धाभ्यास बता रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *