March 10, 2026

Hind foucs news

hindi new update

Russia Attacks Ukraine: यूक्रेन के थियेटर-स्वीमिंग पूल पर जोरदार हमला, सैकड़ों के मरने की आशंका, बाइडेन बोले- पुतिन युद्ध अपराधी

मारियुपोल/मॉस्को। यूक्रेन पर रूस के हमले का आज 22वां दिन है। बुधवार को जंग के 21वें दिन रूस ने मारियुपोल शहर में एक थियेटर और स्वीमिंग पूल में शरण लिए लोगों पर बमबारी की। इस जगह शरण लेने वाले 1000 लोगों में 80 फीसदी महिला और बच्चे होने की बात सामने आई है। रूसी हमले में इनमें से ज्यादातर के मारे जाने की आशंका है। मारियुपोल पर इस भीषण हमले के बाद पहली बार अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन को युद्ध अपराधी बताया है। राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में बाइडेन ने यूक्रेन को और 80 करोड़ डॉलर की सैन्य मदद देने का भी एलान किया।

मारियुपोल पर हुए रूस के हमले के बारे में शहर की सिटी काउंसिल की ओर से बताया गया है कि बमबारी से थियेटर और स्वीमिंग पूल पूरी तरह ध्वस्त हो गए हैं। माना जा रहा है कि दोनों जगह सैकड़ों लोगों की मौत हुई है। वहीं, रूस के रक्षा मंत्रालय ने इससे इनकार किया है कि दोनों जगह उसने हमले किए हैं। रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि हमला यूक्रेन समर्थक अजोव बटालियन की मिलिशिया ने किया और खुद हमला कर रूस पर आरोप लगाया जा रहा है।

दूसरी तरफ, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन का ताजा बयान आया है। पुतिन ने कहा है कि यूक्रेन में रूस का सैन्य ऑपरेशन सफलता से और योजना के मुताबिक चल रहा है। पुतिन ने कहा कि हमारे पास सैन्य ऑपरेशन चलाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था। रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि हम यूक्रेन को अपने खिलाफ आक्रामक कार्रवाई के लिए बतौर स्प्रिंगबोर्ड इस्तेमाल होने की इजाजत नहीं देंगे। उन्होंने फिर कहा कि यूक्रेन पर कब्जा करने का रूस का इरादा नहीं है। पुतिन ने पश्चिमी देशों और अमेरिका पर निशाना साधा और कहा कि दोनों के प्रतिबंधों का रूस पर कोई असर नहीं पड़ा है। वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलिंस्की ने कहा है कि विजयी होने तक यूक्रेन हथियार नहीं रखेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *