June 21, 2026

Hind foucs news

hindi new update

‘प्रधानमंत्री संग्रहालय’ के नाम से जाना जाएगा नेहरू संग्रहालय, 14 अप्रैल को पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन

नई दिल्ली। भारत के अब तक के सभी प्रधानमंत्रियों के जीवन पर विस्तृत जानकारी प्रदान करने वाला संग्रहालय बन कर तैयार है। पूर्व प्रधानमंत्रियों को समर्पित प्रधानमंत्री संग्रहालय का उद्घाटन 14 अप्रैल को संविधान निर्माता डॉ. भीम राव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर किया जाएगा। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बनाए गए प्रधानमंत्री संग्रहालय का उद्घाटन खुद पीएम नरेंद्र मोदी करेंगे। यह संग्रहालय भारत के प्रधानमंत्रियों के काम को प्रदर्शित करेगा और इसमें नेहरू संग्रहालय भवन का पूर्ववर्ती भवन भी शामिल होगा। बता दें कि पिछले महिने ही पीएम मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में नेहरू संग्रहालय को पीएम म्यूजियम में तब्दील करने का फैसला किया गया था।

संग्रहालय में क्या होगा खास?

तीन मूर्ति भवन में नेहरू मेमोरियल संग्रहालय और पुस्तकालय से सटी 10,000 वर्ग मीटर भूमि पर बने इस संग्रहालय में पूर्व प्रधानमंत्रियों से संबंधित संग्रह होंगे। यहां पूर्व प्रधानमंत्रियों की दुर्लभ तस्वीरें, भाषण, वीडियो क्लिप, समाचार पत्र, साक्षात्कार और मूल लेखन प्रदर्शित किए जाएंगे। संस्कृति मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा कि 14 पूर्व प्रधानमंत्रियों की गैलरी को उनके कार्यकाल के अनुसार उचित स्थान आवंटित किया गया है। पूर्व प्रधानमंत्री संग्रहालय में लोग देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के साथ ही अब तक के सभी प्रधानमंत्रियों के भाषण भी सुन सकेंगे। इसके लिए संस्कृति मंत्रालय ने प्रसार भारती से सभी प्रधानमंत्रियों के भाषणों की रिकॉर्डिंग खरीद कर यहां उपलब्ध कराई है। अब तक के प्रधानमंत्रियों ने चाहे देश में भाषण दिया हो या विदेश में, उनके भाषणों के सभी संकलन यहां सुने जा सकेंगे।

पीएम संग्रहालय भारत के स्वतंत्रता संग्राम से लेकर संविधान के निर्माण तक की कहानी बताएगा। इसमें बताया गया है कि कैसे हमारे प्रधानमंत्रियों ने विभिन्न चुनौतियों से देश को उबारा और देश की चौतरफा प्रगति सुनिश्चित की। बता दें कि पंडित नेहरू की याद में बने नेहरू संग्रहालय में ही यह प्रधानमंत्री संग्रहालय बनाया गया है। सूत्रों के मुताबिक इस संग्रहालय का निर्माण 271 करोड़ रुपए की लागत से करवाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *