June 20, 2026

Hind foucs news

hindi new update

खुद को ‘पुष्पा’ बताने वाले टीएमसी नेता जहांगीर खान की पत्नी को पश्चिम बंगाल पुलिस ने गिरफ्तार किया, भीड़ के साथ फलता थाने पर हमले का आरोप

कोलकाता। टीएमसी के नेता जहांगीर खान की पत्नी रेजिना बीबी को पश्चिम बंगाल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। रेजिना बीबी पर आरोप है कि उसने भीड़ जुटाकर फलता थाने पर हमला कर जहांगीर खान को छुड़ाने की कोशिश की। भीड़ ने जब बीते दिनों जहांगीर खान की पत्नी के साथ फलता थाने को घेरा था, तब केंद्रीय बलों ने लाठीचार्ज कर लोगों को तितर-बितर कर दिया था। जिसके बाद पुलिस ने रेजिना बीबी समेत कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। उसके बाद से ही जहांगीर खान की पत्नी फरार थी।

जहांगीर खान को पहले पुलिस ने नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार किया था और कमर में रस्सी बांधकर फलता में घुमाया था। इस दौरान जहांगीर खान हाथ जोड़ते और कान पकड़ते दिखा था। फलता में जहांगीर खान को इस तरह घुमाए जाने के बाद ही उसकी पत्नी ने समर्थकों की भीड़ जुटाकर थाने पर हमला करवाया। पुलिस का आरोप है कि रेजिना और उसके साथ आई भीड़ थाने से जहांगीर खान को छुड़ाने की तैयारी में थी। थाने पर भीड़ के हमले और पथराव की घटना के बाद पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी खुद फलता गए थे। वहां उन्होंने कहा था कि पुलिस पर हमला करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

जहांगीर खान को टीएमसी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में फलता सीट से प्रत्याशी बनाया था। उस वक्त जहांगीर और उसके गुर्गों पर लोगों को धमकी देने का आरोप लगा। जिसके बाद चुनाव आयोग के पुलिस पर्यवेक्षक के तौर पर गए यूपी के आईपीएस अजय पाल शर्मा ने जहांगीर के घर जाकर चेतावनी दी थी। अजय पाल शर्मा की चेतावनी के बाद जहांगीर खान ने खुद को पुष्पा बताकर न झुकने की बात कही थी। इसके बाद फलता में वोटिंग हुई, लेकिन गड़बड़ी के आरोपों के बाद चुनाव आयोग ने वहां का चुनाव रद्द कर दिया। बाद में जब यहां फिर से वोटिंग कराई गई, तो उससे पहले जहांगीर खान ने चुनाव मैदान से दूरी बनाने का एलान किया था। जिसके बाद जहांगीर खान फरार हो गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *