May 2, 2026

Hind foucs news

hindi new update

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने परमाणु हमले की दी चेतावनी, बोले- अगर कोई बीच में आया तो…

मॉस्को। रूस ने यूक्रेन से जारी जंग के बीच एक बार फिर अमेरिका और यूक्रेन की मदद कर रहे यूरोपीय देशों को परमाणु युद्ध की चेतावनी दी है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने सेंट पीटर्सबर्ग में सांसदों को संबोधित करते हुए कहा कि यूक्रेन में अगर किसी ने दखलंदाजी की, तो रूस को ये बर्दाश्त नहीं होगा। अगर कोई रूस को धमकी देगा, तो हम उसे भी बिजली की तेजी और घातक तरीके से जवाब देंगे। पुतिन ने कहा कि हमारे पास ऐसे हथियार हैं, जिन पर कोई और घमंड नहीं कर सकता। हम शेखी नहीं बघारना चाहते, लेकिन हम ऐसे मामले में फिर इन हथियारों का इस्तेमाल करेंगे।

 

पुतिन ने साफ तौर पर परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की बात नहीं कही, लेकिन उनका इशारा बीते दिनों रूस के सरमट मिसाइल के परीक्षण की ओर था। सरमट 16000 किलोमीटर तक वार कर सकती है और कई परमाणु बम एक साथ ले जा सकती है। रूस का दावा है कि ये मिसाइल दुनिया में कहीं भी कहर बरपा सकती है। पुतिन ने इस मौके पर यूक्रेन के खिलाफ जंग की जगह सेना भेजने को स्पेशल ऑपरेशन बताया। उन्होंने कहा कि रूस की सेना सभी मकसद पूरे करेगी। हम बड़े पैमाने पर संघर्ष को रोकने की कोशिश में जुटे हैं। पुतिन ने ये आरोप भी लगाया कि यूक्रेन लगातार जैविक हथियार बनाने की कोशिश कर रहा था।

पुतिन ने इस दौरान कूटनीतिक बातें भी कहीं। उन्होंने कहा कि रूस ने हमेशा यूक्रेन से सहानुभूति रखी। एक दोस्त और भाई की तरह काम किया। हम आजाद यूक्रेन के बारे में सोचते थे और मानते थे कि वो दोस्ती निभाएगा। हमने सोचा था कि एक-दूसरे को मजबूत करेंगे और आगे बढ़ने में साथ निभाएंगे, लेकिन वहां रूस के खिलाफ माहौल बना दिया गया। इसकी मंजूरी हम कतई नहीं दे सकते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *