क्या कोरोना महामारी प्राकृतिक है या फिर इसे लैब में बनाया गया है?
नई दिल्ली। कोरोना वायरस को लेकर अक्सर सवाल उठते रहे हैं कि आखिर क्या कोविड-19 प्राकृतिक या फिर इसे किसी लैब में बनाया गया है। इसको लेकर चीन अक्सर लोगों के निशाने पर आता रहा है। कई वैज्ञािनकों ने दावा किया है कि, चीन वुहान लैब से इस वायरस की शुरुआत हुई है और पूरी दुनिया में फैल गया। ऐसे में अमेरिकी एक्सपर्ट डॉ. एंथेनी फाउची ने इस सवाल पर बड़ा बयान दिया है।
बता दें कि, फाउची ने कोरोना वायरस को लेकर कहा कि, कोरोना एक प्राकृतिक बीमारी है, इस बात को स्वीकार करना आसान ही नहीं है। गौरतलब है कि, हाल ही में लिए गए एक इंटरव्यू में एंथेनी फाउची से पूछा गया कि, क्या उन्हें यकीन है कि कोरोना वायरस प्राकृतिक तरीके से दुनिया में आया है? तो इसपर फाउची ने कहा कि, नहीं, मैं इसपर विश्वास नहीं करूंगा। मुझे लगता है इस बात की जांच होनी अभी बाकी है कि आखिर चीन में ऐसा क्या हुआ, जिससे कोरोना वायरस आया।
साफ है कि फाउची के बयान के बाद से चीन एक बार फिर से कोविड-19 को लेकर दुनिया में शक के घेरे में आ गया है। फाउची का कहना है कि, अभी तक जिन्होंने इस संबंध में कुछ जांच की है उनके मुताबिक ये वायरस किसी जानवर से सामने आया है और फिर इंसानों तक पहुंचा,, लेकिन ये कुछ और भी हो सकता है। अमेरिकी एक्सपर्ट ने कहा कि, अभी हमें इसपर जांच की जरूरत है, ताकि हम वायरस के ओरिजन का पता लगा सकें।
आपको बता दें कि कोरोना संकट की शुरुआत से ही डॉ. फाउची अमेरिका में इस वायरस के खिलाफ लड़ाई का नेतृत्व कर रहे हैं। हालांकि, बीच में डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के साथ हुए विवाद के बीच वह हटे थे, लेकिन जो बाइडेन की सरकार बनते ही प्रशासन ने फिर उन्हें वापस बुलाया। बता दें कि कोरोना को लेकर चीन अक्सर घिरता नजर आया है। दुनिया के कई ताकतवर देश कोविड के पीछे चीन को ही जिम्मेदार मानते हैं।
